April 22, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राज्य मंत्री के घर के पास कचरे में मिलीं करोड़ों के लेनदेन की पर्चियां, मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने देखा तो सकते में आ गए, पुलिस को बुलाया

राज्य मंत्री के घर के पास कचरे में मिलीं करोड़ों के लेनदेन की पर्चियां, मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने देखा तो सकते में आ गए, पुलिस को बुलाया

एनसीआई@जयपुर

राजधानी के बजाज नगर क्षेत्र में बुधवार सुबह कचरे के ढेर में करोड़ों रुपए के लेनदेन की पर्चियां और नोटों की गड्डियों के रैपर्स और पर्चियां मिलने से खलबली मच गई। इतने सारे रैपर्स और पर्चियां देखकर मॉर्निंग वॉक पर निकले लोग रुक गए। लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की तो कुछ पर्चियों पर बैंकों की मोहर भी लगी मिली।

जहां पर करोड़ों रुपए के लेनदेन की पर्चियां मिलीं, वहां पास‌ ही शिक्षा राज्य मंत्री जाहिदा खान का निजी आवास है। करोड़ों के लेनदेन की पर्चियां मिलने की सूचना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।

वहां जमा लोगों ने बताया कि सुबह मॉर्निंग वॉक पर शिक्षा संकुल आए थे। हमें किसी ने बताया कि यहां बहुत सारे नोटों की गड्डियों के रैपर्स पड़े हुए हैं। आज से पहले इतनी सारी नोटों की गाड़ियों के रैपर्स नहीं देखे। पास ही में मंत्री जाहिदा खान का भी घर है। ऐसे में हमें शक हुआ तो पुलिस को जानकारी दी। कचरे के ढेर में कई पर्चियां ऐसी भी मिलीं, जिन पर रुपयों के बारे में लिखा था।

एक स्थानीय निवासी मुकेश ने बताया कि मैं सुबह घूमने निकला तो पर्चियां देखकर रुक गया। मेरा घर यहां से पास में ही है। यहां इतनी सारी पर्चियां पहले कभी नहीं देखीं थीं। आस पड़ोस के लोगों को भी इसकी सूचना दी।

लोगों की सूचना पर बजाज नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने गांधीनगर एनक्लेव और इसके आसपास के सीसीटीवी के फुटेज भी खंगाले।

बैंक के प्रतिनिधि ने कहा-हमारा कोई लेना-देना नहीं

इस मामले में बैंक के प्रतिनिधि ने कहा जहां बैंक स्लिप और नोटों की गड्डियों के रैपर्स मिले हैं, वहां बैंक के किसी भी कर्मचारी ने इन्हें नहीं फेंका है। उस इलाके में बैंक की कोई ब्रांच नहीं है। अब तक किसी भी जांच एजेंसी ने बैंक या उसके कर्मचारियों से पूछताछ नहीं की है। हमसे कोई स्पष्टीकरण नहीं मांगा गया है। जिम्मेदार बैंक होने के कारण आवश्यकता पड़ने पर हम हर प्रकार का सहयोग करेंगे।

कांग्रेस सरकार ने राजस्थान को लूटने का काम किया

इस मामले में भाजपा प्रवक्ता लक्ष्मीकांत भारद्वाज ने कहा- शिक्षा संकुल के बाहर कचरे के ढेर में नोटों की गड्डियों के ऊपर लगने वाले रैपर्स और सैकड़ों की संख्या में लेनदेन की पर्चियां मिली हैं। इससे पता चलता है कि बड़ी संख्या में नोट कहीं से आए और उनकी पर्चियां फाड़कर वहां फेंकी गईं। जहां पर पर्चियां फेंकी गईं और जहां ढेर में पर्चियां मिली हैं, उससे दो मकान छोड़कर राजस्थान की एक मंत्री का घर है और मंत्री वो है, जिन्हें नोटों की मालाएं पहनने का शौक है, जिन्हें नोटों से बड़ा प्रेम है।

इससे पता चलता है कि राजस्थान की सरकार ने राजस्थान में 5 साल में किस तरह की लूट मचाई है और किस तरह उसके मंत्री भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। एक के बाद एक राजस्थान में भ्रष्टाचार की नई बानगी देखने को मिलती है। कभी लॉकर सोना उगलते हैं, कभी लॉकर नोट उगलते हैं तो कभी कचरे के ढेर में बैंक की पर्चियां मिलती हैं। इससे पता चलता है कि कांग्रेस ने राजस्थान को लूटने का काम किस तरह से किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.