राजस्थान पुलिस अकादमी के क्वार्टर में देर रात बदमाश घुसा, महिला कांस्टेबल पर जानलेवा हमला कर फरार हो गया
एनसीआई@जयपुर
शास्त्री नगर थाना इलाके में राजस्थान पुलिस एकेडमी (आरपीए) स्थित सरकारी क्वार्टर में बुधवार, 18 अक्टूबर की रात दो बजे करीब एक बदमाश ने महिला कॉन्स्टेबल पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान बदमाश ने महिला के गले पर किसी धारदार हथियार से वार किया। इससे कॉन्स्टेबल के गले पर गहरा कट लग गया। इस कारण आठ टांके लगाने पड़े हैं।

पीड़ित महिला कांस्टेबल कृष्णा निर्भया स्क्वॉयड में तैनात हैं। कृष्णा ने बताया- बुधवार रात वह क्वार्टर में पति और बच्चों के साथ सो रही थीं। इसी दौरान अज्ञात बदमाश क्वार्टर में घुसा। बदमाश के घुसते ही वह जाग गईं। शोर मचाया तो बदमाश ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इससे उनके गले पर गहरा घाव हो गया।
गम्भीर घायल होने के बाद भी कॉन्स्टेबल कृष्णा ने बदमाश को पकड़ने का काफी प्रयास किया। पति ने भी उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन बदमाश क्वार्टर का दरवाजा बाहर से बंद कर फरार हो गया। कॉन्स्टेबल ने शोर मचाकर आसपास के क्वार्टर में रहने वाले पुलिसकर्मियों को बुलाया। तब उन पुलिसकर्मियों ने गेट खोला। इसके बाद घायल कृष्णा को उनके पति कांवटिया अस्पताल लेकर गए। वहां उनके गले पर 8 टांके आए। अस्पताल से वह थाने गई और मामला दर्ज कराया।
सब इंस्पेक्टर मुकेश ने बताया- कृष्णा की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है। घटना के बाद अलग-अलग टीम बनाकर जांच की जा रही है। आरपीए के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज देखी जा रही है। जल्दी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वहीं, आरपीए में बदमाश का घुसना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है। उस पर भी बड़ी बात यह है कि बदमाश क्वार्टर में घुस कर हमला कर सुरक्षित फरार हो गया, मगर किसी को भनक तक नहीं लगी।
