प्याज के दाम घटाने के लिए सरकार का टमाटर वाले प्लान पर काम शुरू, जल्द राहत की उम्मीद
बीते कुछ महीनों में टमाटर की कीमतों में आग लगी रही, मगर अब प्याज लोगों के आंसू निकाल रहा है। इस समय प्याज की कीमत दिल्ली के कुछ इलाकों में 90 रुपए किलो के पार पहुंच चुकी है। व्यापारियों का मानना है कि जल्द ये कीमत 100 रुपए प्रति किलो का आंकड़ा पार कर सकती है।
एनसीआई@सेन्ट्रल डेस्क
कुछ महीने पहले ही टमाटर के दाम अचानक रफ्तार पकड़ते हुए आसमान पर पहुंच गए थे और लोगों के रसोई के बजट के साथ ही इसने देश की महंगाई दर पर भी असर डाला था। कुछ ऐसा ही हाल इस समय प्याज का नजर आ रहा है। प्याज की कीमत लगातार बढ़ रही है। यह शतक लगाने के करीब है। लेकिन, इस बार सरकार इनके दाम को कम करने के लिए पहले से ही टमाटर वाला प्लान बना चुकी है और इस पर काम भी शुरू हो गया है। इसके जरिए उम्मीद है कि जल्द प्याज के भाव में नरमी देखने को मिल सकती है।
100 रुपए के करीब प्याज का दाम
आलू-टमाटर की तरह प्याज भी ऐसी चीज है, जो कि रोजाना रसोई में इस्तेमाल होती है। ऐसे में इसकी कीमत पर असर रसोई के बजट को गड़बड़ाने वाली साबित हो सकती है। इस समय प्याज की कीमत आसमान छू रही है। दिल्ली के कुछ इलाकों में इसकी कीमत 90 रुपए पर पहुंच चुकी है। व्यापारियों का मानना है कि जल्द ये 100 रुपए प्रति किलो का आंकड़ा पार कर सकती है। जबकि रिपोर्ट्स के मुताबिक देश के अन्य कई बाजारों में तो ये 100 रुपए के भाव पर भी बिक रहे हैं। इसे देखते हुए सरकार की ओर से आनन-फानन में कई अहम फैसले लिए गए हैं।
दूसरे राज्यों से मंगाया जा रहा प्याज
जिस तरह से टमाटर की कीमतों में उछाल के समय सरकार ने दूसरे राज्यों से टमाटर को मंगाकर इसे सस्ते में बेचा था, ठीक उसी तरह की स्ट्रेटजी प्याज की कीमतों पर लगाम लगाने के लिए भी अपनाई गई है। सरकार के केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के तहत काम करने वाले डीजीएफटी (DGFT) ने मध्य प्रदेश और राजस्थान , हरियाणा जैसे राज्यों से प्याज का स्टॉक मंगाया है। इसे दिल्ली-गाजियाबाद जैसे शहरों में कम कीमत पर बेचा जा रहा है। गौरतलब है कि इस सीजन में प्याज के लिए सरकार का बफर स्टॉक 5 लाख टन का था, इसमें से 2 लाख टन सेल किया जा चुका है। वहीं सरकार ने दूसरे राज्यों के किसानों से 2 लाख टन प्याज और खरीदने का फैसला किया है।
