डोटासरा के दो बेटों को ईडी का समन, पेपर लीक मामले में 7 व 8 नवम्बर को होगी पूछताछ
एनसीआई@जयपुर
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के दोनों बेटों को समन जारी कर पूछताछ के लिए दिल्ली मुख्यालय बुलाया है। डोटासरा के घर पर ईडी की सर्च के दौरान दोनों बेटों के खिलाफ ईडी को कुछ जानकारी मिली थी। इसके बारे में पूछताछ करने के लिए ईडी ने बड़े बेटे अभिलाष डोटासरा को 7 नवम्बर और छोटे बेटे अविनाश डोटासरा को 8 नवम्बर को दिल्ली मुख्यालय में पेश होने के लिए कहा है। जानकारी के मुताबिक विभाग ने पेपर लीक केस को लेकर यह नोटिस जारी किया है।
छापे के बाद अब नोटिस
खबरों के मुताबिक पिछले हफ्ते डोटासरा के आवास पर हुई ई़डी की छापेमार कार्रवाई में उनके बेटों के खिलाफ कुछ जानकारी मिली है। इसे लेकर अब पूछताछ के लिए ईडी ने समन जारी किया है। गौरतलब है कि ईडी ने पिछले हफ्ते ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के सीकर और जयपुर स्थित आवास पर छापा मारा था।
भ्रष्टाचार पर प्रहार
चुनावी राज्य राजस्थान में भ्रष्टाचार की कमर पर प्रहार करने में ईडी कोई कसर नहीं छोड़ रही है। इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय ने प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव को भी एक पुराने मामले में पूछताछ के लिए समन जारी कर दिल्ली बुलाया था।
हमें कोई समस्या नहीं
बीती 26 अक्टूबर को राजस्थान कांग्रेस प्रमुख गोविंद सिंह डोटासरा के आवास पर ईडी ने छापेमार कार्रवाई की थी। इसके बाद डोटासरा की ओर से जारी एक बयान में कहा गया था कि उन्हें इस कार्रवाई से कोई दिक्कत या परेशानी नहीं है। अधिकारी अपना काम कर रहे हैं।
