April 19, 2026

News Chakra India

Never Compromise

वन डे वर्ल्ड कप 2023: शमी, सिराज, बुमराह का जलवा, भारत ने श्रीलंका को 302 रन से हराया, सेमीफाइनल में पहुंचा

वन डे वर्ल्ड कप 2023: शमी, सिराज, बुमराह का जलवा, भारत ने श्रीलंका को 302 रन से हराया, सेमीफाइनल में पहुंचा

एनसीआई@मुम्बई/ स्पोर्ट डेस्क

वर्ल्ड कप 2023 में भारत ने श्रीलंका को 302 रनों के विशाल अंतर से हरा कर लगातार सातवीं जीत दर्ज की है। वानखेड़े स्टेडियम में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत ने 358 रनों का लक्ष्य रखा था।

भारत की ओर से मोहम्मद शमी ने पांच, मोहम्मद सिराज ने तीन, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा ने एक-एक विकेट लिए।

जसप्रीत बुमराह ने अपनी पहली ही गेंद पर पथुम निशांका को एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया तो मोहम्मद सिराज ने भी अपनी पहली गेंद पर दिमुथ करुणारत्ने को एलबीडब्ल्यू किया। इसी ओवर की पांचवी गेंद पर सिराज ने सदीरा समर विक्रमा को भी चलता कर दिया। तीनों बल्लेबाज़ों में से कोई भी अपना ख़ाता नहीं खोल सका।

अपने अगले ही ओवर में सिराज ने कप्तान कुसाल मेंडिस को बोल्ड कर श्रीलंका का चौथा विकेट ले लिया।‌श्रीलंका ने अपने चार बल्लेबाज़ों के पवेलियन लौटने तक केवल तीन रन ही बनाए.

शमी का कमाल, झटके चार विकेट

मैच के 10ववें ओवर में कप्तान रोहित शर्मा ने मोहम्मद शमी को गेंद थमाई। शमी ने कप्तान को निराश नहीं किया और लगातार दो गेंदों पर दो विकेट चटका दिए। शमी ने अपने पहले ही ओवर की तीसरी बॉल पर चरिथ असलंका को शिकार बनाया, फिर अगली बॉल पर दुशन हेमंता को पवेलियन भेजा। अपने दूसरे ओवर में शमी ने दुश्मंथा चमीरा को भी आउट कर दिया।

वहीं तीसरे ओवर में उन्होंने एंजेलो मैथ्यूज को बोल्ड कर दिया। एंजेलो मैथ्यूज श्रीलंका की ओर से सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।‌ उन्होंने 12 रनों का योगदान दिया।

ऐसी रही भारत की बेटिंग

इससे पहले भारत ने श्रेयस अय्यर की तूफ़ानी पारी, विराट और गिल के बीच हुई 189 रनों की साझेदारी की बदौलत श्रीलंका के सामने जीत के लिए 358 रनों का लक्ष्य रखा था।

श्रीलंका ने टॉस जीत कर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए कहा था। भारतीय बल्लेबाज़ी की शुरुआत कप्तान रोहित शर्मा ने चौके के साथ की, लेकिन अगली ही गेंद पर दिलशान मधुशंका ने अपनी इनस्विंग गेंद पर उन्हें बोल्ड कर पवेलियन लौटा दिया।

इसके बाद शुभमन गिल और विराट कोहली ने बेहतरीन बल्लेबाज़ी का प्रदर्शन किया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 189 रनों की साझेदारी निभा कर भारत को बेहद मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। पहले पावर प्ले के दस ओवर में भारत ने एक विकेट पर 60 रन बनाए। वहीं 16 वें ओवर में भारत का स्कोर 100 के पार पहुंचा।

विराट कोहली ने वनडे का अपना 70 वां अर्धशतक बनाया तो शुभमन गिल ने वनडे का 11वां अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद दोनों अपने अपने शतकों की ओर बढ़ रहे थे, तभी मैच के 30 वें ओवर में दोनों बल्लेबाज़ों ध्यान भटका। पहले शुभमन गिल 92 रन बना कर आउट हुए और केवल आठ रन से वर्ल्ड कप में अपने पहले शतक से चूक गए। वहीं चार गेंद बाद विराट भी 88 रन बना कर आउट हो गए और वनडे में सचिन तेंदुलकर के 49 शतकों की बराबरी करने से एक बार फिर दूर रह गए।

श्रेयस अय्यर की तूफानी पारी

इसी ओवर में पहले श्रेयस अय्यर और फिर केएल राहुल पिच पर आए। श्रेयस ने कुछ ओवर बाद ही अपने बल्ले से कमाल दिखाना शुरू किया। उन्होंने 34, 35 और 36वें ओवर में छक्के लगाकर अपने इरादे जता दिए। दूसरे छोर से केएल राहुल भी स्कोर कर रहे थे, लेकिन उनकी पारी लम्बी नहीं चली। राहुल 19 गेंदों पर 21 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद सूर्य कुमार यादव पिच पर आए और तेज खेले, लेकिन 41वें ओवर में मधुशंका ने उन्हें पवेलियन लौटा दिया। सूर्य कुमार यादव 12 रन बना कर आउट हुए।

दूसरे छोर से श्रेयस के बल्ले से लगातार चौके- छक्के निकल रहे थे। श्रेयस अय्यर ने केवल 36 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया।

हालांकि एक बेहतरीन पारी खेलने के बावजूद श्रेयस शतक से महरूम रह गए। 47वें ओवर में इस मैच में श्रीलंका के सबसे सफल गेंदबाज रहे मधुशंका की लगातार दो गेंदों पर दो छक्के जड़ने के बाद श्रेयस उनका पांचवां शिकार बने। श्रेयस ने 56 गेंदों पर छह छक्के और तीन चौके की मदद से 82 रनों की पारी खेली। उन्होंने रवींद्र जडेजा के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 57 रन जोड़े।

श्रेयस के आउट होने के बाद पिच पर शमी आए और उन्होंने रवींद्र जडेजा के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए अहम 22 रन जोड़े। दोनों आखिरी ओवर में रन आउट हुए। शमी ने केवल दो रन बनाए तो जडेजा ने 24 गेंदों पर 33 रनों की पारी खेली। भारत ने 50 ओवरों में 8 विकेट पर 357 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।

वर्ल्ड कप 2023 में सर्वाधिक विकेट का रिकॉर्ड

श्रीलंकाई तेज गेंदबाज दिलशान मधुशंका ने अपनी टीम की तरफ़ से सर्वाधिक पांच विकेट लिए। उन्होंने भारत के दोनों सलामी बल्लेबाजों सहित विराट कोहली के अहम विकेट लिए। इसके साथ ही मधुशंका के इस वर्ल्ड कप में 17 विकेट पूरे हो गए।

मधुशंका इसके साथ ही वर्ल्ड कप 2023 में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज़ बन गए हैं। उन्होंने पाकिस्तान के शाहीन शाह अफ़रीदी, दक्षिण अफ़्रीका के मार्को जानसेन और ऑस्ट्रेलिया के एडम ज़ैम्पा को पीछे छोड़ दिया। इन तीनों गेंदबाज़ों ने अब तक एक समान 16 विकेट लिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.