कोचिंग छात्र की हत्या मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार, 4 नाबालिग हिरासत में लिए
एनसीआई@कोटा
जवाहर नगर थाना क्षेत्र के इन्द्रा विहार में सोमवार शाम को कोचिंग छात्र की पीट पीटकर हत्या कर देने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें आदित्य उर्फ मैनेजर (20) निवासी जिला ग्वालियर (मध्य प्रदेश) हाल आर्मी एरिया, अंटाघर कोटा , बृजेश उपाध्याय उर्फ लव कुमार (18) निवासी जिला रोहताश (बिहार) हाल निवासी इन्द्रा विहार, कोटा व साकेत कुमार राज उर्फ सत्यम (18) निवासी जिला बांका (बिहार) हाल महावीर नगर द्वितीय, कोटा शामिल हैं । वहीं 4 नाबालिगों को हिरासत में भी लिया गया है।
शहर पुलिस अधीक्षक शरद चौधरी ने बताया कि मारपीट में गम्भीर घायल कोचिंग छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस वारदात का खुलासा करने के लिए एएसपी संजय गुप्ता के निर्देशन व डीएसपी वृत प्रथम भवानी सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी वासुदेव सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। इस टीम ने यह सफलता प्राप्त की है।
पुलिस अधीक्षक शरद चौधरी ने बताया कि मृतक कोचिंग छात्र 11 वीं कक्षा में पढ़ता था। वह 18 महीने से कोटा में रहकर पढाई कर रहा था। वह 11 दिसम्बर को इन्द्रा विहार में चाय की थड़ी पर अपने दोस्तों के साथ चाय पीने गया था। उसी दौरान पुरानी कहासुनी को लेकर कुछ युवकों ने उससे मारपीट की। उसकी न्यू मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई।
एएसपी संजय गुप्ता ने बताया कि कोचिंग छात्र व उसके साथ पढने वाले कुछ अन्य छात्रों के बीच कुछ समय पूर्व किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी कारण रंजिशवश आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
