मोहन यादव सरकार का ताबड़तोड़ एक्शन: भाजपा कार्यकर्ता का हाथ काटने के आरोपी के घर पर चला बुलडोजर
एनसीआई@भोपाल
मध्य प्रदेश के नए मुख्यमंत्री मोहन यादव शपथ लेते ही एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। मोहन यादव सरकार बनते ही मध्य प्रदेश में एक बार फिर बुलडोजर चला है। बीजेपी कार्यकर्ता की हथेली काटने के आरोपी फारुख राइन उर्फ मिन्नी के भोपाल की जनता कॉलोनी स्थित घर पर यह कार्रवाई हुई है।
यह है मामला
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद 5 दिसम्बर को फारुख ने बीजेपी कार्यकर्ता देवेन्द्र ठाकुर पर जानलेवा हमला किया था। इसमें देवेन्द्र ठाकुर की हथेली कट गई थी। देवेन्द्र को गम्भीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कैलाश विजयवर्गीय बीजेपी कार्यकर्ता से मिलने अस्पताल भी गए थे।

आरोपी फारुख हबीबगंज पुलिस की गुंडा लिस्ट में शामिल है। इस प्रकार उस पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस मामले में पुलिस पांच आरोपियों फारुख राइन सहित असलम, शाहरुख, बिलाल और समीर को गिरफ्तार कर चुकी है।
वहीं ताजा कार्रवाई से साफ है कि मध्यप्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की तरह वर्तमान मुख्यमंत्री मोहन यादव के राज में भी बुलडोजर कार्रवाई जारी रहेगी।
लाउडस्पीकर की तेज आवाज पर लगा अंकुश
मोहन यादव ने सीएम बनने के बाद अपने पहले आदेश में लाउडस्पीकर की तेज आवाज पर अंकुश लगा दिया था। इस आदेश के मुताबिक, धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों पर लाउडस्पीकर अगर निर्धारित डेसिबल से अधिक आवाज में बजता सुनाई देगा तो इस पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। इस आदेश के लिए सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन का हवाला दिया गया था।
खुले में मांस बेचने पर सख्ती
नए सीएम मोहन यादव ने खुले में मांस बेचने पर भी सख्ती दिखाई। उन्होंने खुले में मांस बेचने को लेकर गाइड लाइन का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। इस सम्बन्ध में खुले में मांस बेचने के लिए सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन का कड़ाई से पालन करवाने का प्रस्ताव केबिनेट में लाया गया।
उज्जैन दक्षिण से विधायक हैं मोहन यादव
मोहन यादव उज्जैन दक्षिण से विधायक का चुनाव जीते हैं। उन्हें संघ का करीबी माना जाता है। वह शिवराज सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री थे। वह 2013 में पहली बार विधायक बने थे। इसके बाद 2018 में उन्होंने दूसरी बार उज्जैन दक्षिण सीट से चुनाव जीता। मार्च 2020 में शिवराज सरकार के दोबारा बनने के बाद जुलाई में उन्हें केबिनेट में शामिल किया गया था।
2 जुलाई 2020 को शिवराज सिंह चौहान केबिनेट में मंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद सूबे की राजनीति में उनका कद बढ़ा। उनका जन्म 25 मार्च 1965 को मध्य प्रदेश के उज्जैन में हुआ था। वह कई साल से बीजेपी के साथ हैं। वह इस बार लगातार तीसरी बार विधायक बने हैं। मोहन यादव ने उज्जैन दक्षिण सीट से कांग्रेस के चेतन प्रेम नारायण को 12941 वोटों से हराया था।
