April 27, 2026

News Chakra India

Never Compromise

गैंगरेप पीड़िता नाबालिग ने जहर खाकर की आत्महत्या, 5 बदमाश करते थे ब्लैकमेल, बेटी के मोबाइल में मिले धमकी भरे मैसेज

गैंगरेप पीड़िता नाबालिग ने जहर खाकर की आत्महत्या, 5 बदमाश करते थे ब्लैकमेल, बेटी के मोबाइल में मिले धमकी भरे मैसेज

एनसीआई@चित्तौड़गढ़

जिले के बेंगू में एक 13 वर्षीय गैंगरेप पीड़िता ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। इसके बाद जब उसके पिता ने बेटी का मोबाइल चेक किया तो उसमें उन्हें एक युवक के द्वारा भेजे गए धमकी भरे मैसेज मिले। बेटी के सुसाइड के 5 दिन बाद पिता ने मंगलवार रात 5 युवकों के खिलाफ गैंगरेप और ब्लैकमेल कर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया है।

पिता के अनुसार इन धमकी भरे मैसेज में लिखा हुआ था कि अगर वो नहीं आई तो उसके अश्लील फोटो, वीडियो वायरल कर देंगे। इसके बाद आसपास के लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी के फुटेज खंगाले गए। इस दौरान एक दुकान में मेरी बेटी को लाने और ले जाने के वीडियो दिखे। पिता ने वीडियो और मोबाइल पुलिस को सौंपकर मामला दर्ज कराया है। बेगूं थानाधिकारी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

4 जनवरी को खाया था जहर

पिता ने रिपोर्ट में बताया- उनकी नाबालिग बेटी 7 वीं कक्षा में पढ़ती थी। उसकी 4 जनवरी को घर पर जहर खाने से मौत हो गई थी। पहले तो कारणों का पता नहीं चला। मगर सामने आया कि मौत के 3-4 दिन पहले से वह परेशान और गुमसुम रहने लगी थी। पिता ने आगे कहा है-बाद में घर में एक मोबाइल मिला, जो आरोपियों ने मेरी बेटी को दिया था। हमें इस मोबाइल के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। मोबाइल को चेक किया तो उसमें बेगूं के सुलिमंगरा निवासी भैरूलाल पुत्र सुरेश के धमकी भरे मैसेज मिले। भैरूलाल ने मेरी बेटी के अश्लील फोटो खींच रखे थे। उन्हीं फोटो, वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। इन आरोपियों में भैरूलाल सहित आंवलहेड़ा निवासी मुरली पुत्र सतीश मेहरा, बेगूं के जूनी निवासी बबलू पुत्र पुरण माली और अक्षय उर्फ भयू पुत्र किशन लाल के अलावा बेगूं के रैगर बस्ती निवासी सुनील पुत्र कैलाश चंद्र शामिल हैं।

पिता ने बताया कि आसपास से जानकारी लेने और सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर पता चला कि पानी की टंकी के पास एक दुकान में कुछ युवक मेरी बेटी को लाते और वापस ले जाते दिखे। 2 जनवरी को भैरूलाल गुर्जर ने मेरी बेटी को मैसेज किया था कि अक्षय तुझे लेने बाइक लेकर आ रहा है, चुपचाप बाइक पर बैठ जाना नहीं तो तेरे वीडियो वायरल कर दूंगा।

इससे डरकर मेरी बेटी रात 12 बजे के आसपास बाइक पर बैठ गई। उस समय मैं खेत पर पानी देने गया हुआ था और परिवार के लोग घर में सो रहे थे। अक्षय मेरी बेटी को लेकर पानी की टंकी के पास एक टैंट की दुकान में ले गया। वहां चार अन्य आरोपी पहले से मौजूद थे। यहां ये सभी बारी-बारी से दुकान में गए और उसका रेप किया।

घर आकर खाया जहर, अस्पताल में मौत

इसके बाद 3 जनवरी को फिर आरोपियों ने धमकी देकर बेटी को बुलाया। आरोपी उसे पानी की टंकी के पास एक मकान में लेकर गए और फिर रेप किया। इसके बाद सुबह 4 बजे मेरी बेटी को वापस छोड़ गए। घर आकर मेरी बेटी ने जहर खा लिया। सुबह 5 बजे उसे उल्टियां हुईं। हम उसे चित्तौड़गढ़ के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पांच युवकों के खिलाफ मामला दर्ज

बेगूं थानाधिकारी चन्द्रशेखर ने इस मामले में बताया-पीड़िता के पिता ने अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर गैंगरेप करने और सुसाइड के लिए उकसाने का आरोप दर्ज कराया है। 4 जनवरी को परिजनों ने उसके जहर खाकर सुसाइड की रिपोर्ट दी थी। घटनाक्रम को देखते हुए पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। इनमें सुलिमंगरा गांव के रहने वाला भैरुलाल गुर्जर पुत्र सुरेश गुर्जर, आंवलहेड़ा गांव का मुरली पुत्र सतीश मेहर, बेगूं के जूनी का बबलू पुत्र पूरण माली और अक्षय पुत्र किशन लाल शर्मा के अलावा बेंगू के रैगर बस्ती का निवासी सुनील पुत्र कैलाश रैगर शामिल है। इनकी तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.