April 27, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान में 40 आईएएस अधिकारियों के ट्रांसफर: जानें गहलोत के प्रमुख सचिव रहे रांका को मिली कौनसी नई जिम्मेदारी तो कौन रहा अपनी पोस्ट पर बरकरार

राजस्थान में 40 आईएएस अधिकारियों के ट्रांसफर: जानें गहलोत के प्रमुख सचिव रहे रांका को मिली कौनसी नई जिम्मेदारी तो कौन रहा अपनी पोस्ट पर बरकरार

एनसीआई@जयपुर

भजनलाल सरकार ने दूसरा बड़ा फेरबदल करते हुए 40 आईएएस अधिकारियों के ट्रांसफर कर दिए। 16 आईएएस अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार मिला है। सुबोध अग्रवाल को जलदाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) से इंदिरा गांधी पंचायती राज संस्थान के अध्यक्ष के तौर पर नियुक्ति दी गई है।

वहीं, अभय कुमार को एसीएस जल संसाधन विभाग के पद पर लगाया गया है। पूर्व सीएम गहलोत के प्रमुख ​सचिव रहे कुलदीप रांका को एसीएस सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग में लगाया गया है। गहलोत सरकार में वित्त विभाग संभाल रहे अखिल अरोड़ा को इसी पद पर बरकरार रखा गया है।

अखिल अरोड़ा एसीएस वित्त, आबकारी और टेक्सेशन में बरकरार हैं, मगर उनसे आईटी और डीआईपीआर विभाग ले लिए गए हैं। अपर्णा अरोड़ा को एसीएस देवस्थान और उपनिवेशन के पद पर बरकरार रखा है, उनसे सैनिक कल्याण और देवस्थान वापस लिया गया है। एसीएस आनंद कुमार के पास गृह, होम गार्ड, जेल, एसीबी बरकरार रखे हैं। उन्हें परिवहन विभाग और रोडवेज की जगह आपदा प्रबंधन विभाग दिया गया है। संदीप वर्मा को एसीएस विज्ञान और प्रोद्योगिकी विभाग से पीडब्ल्यूडी में एसीएस लगाया गया है। श्रेया गुहा परिवहन विभाग की एसीएस होंगी।

सुबोध अग्रवाल को किया सचिवालय से बाहर

सीएस सुधांश पंत से सीनियर सुबोध अग्रवाल को सचिवालय से बाहर भेजा गया है। उन्हें अध्यक्ष इंदिरा गांधी पंचायती राज संस्थान लगाया गया है। उल्लेखनीय है कि सचिव से सीनियर अधिकारी को सचिवालय के बाहर पोस्टिंग देने की परम्परा रही है। सुबोध अग्रवाल पिछली कांग्रेस सरकार में अहम पदों पर रहे थे। उनके पास खान, पीएचईडी जैसे विभाग थे।

टी रविकांत यूडीएच के प्रमुख सचिव

टी रविकांत को मेडिकल से नगरीय विकास और आवासन विभाग के प्रमुख सचिव के पद पर पोस्टिंग दी गई है। मंजू राजपाल जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की आयुक्त बनाई गई हैं। ग्रामीण विकास के सचिव से उनका तबादला जेडीए आयुक्त के पद पर किया गया है।

पहले 27 पुराने और 9 नए जिलों के कलक्टर बदले थे
भजनलाल सरकार ने हाल ही में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 27 पुराने और 9 नए जिलों के कलक्टर बदले थे। पुराने जिलों में बारां, बांसवाड़ा,धौलपुर, हनुमानगढ़,चूरू, जोधपुर, पाली, भीलवाड़ा, अलवर, जैसलमेर, बीकानेर, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, कोटा, डूंगरपुर, झुंझुनू, सिरोही, सवाईमाधोपुर, दौसा, सीकर, राजसमंद, करौली, प्रतापगढ़, सवाईमाधोपुर, टोंक, बूंदी व राजसमंद के कलक्टर शामिल थे।

वहीं, नए जिलों में केकड़ी, बालोतरा, फलौदी, अनूपगढ़, बहरोड़, डीडवाना—कुचामन, गंगापुरसिटी, सलूम्बर व ब्यावर के कलक्टर बदले गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.