May 1, 2026

News Chakra India

Never Compromise

जेईई की तैयारी कर रहा 16 साल का छात्र लापता, कोचिंग इंस्टीट्यूट में टेस्ट देने जाने की बात कह कर हॉस्टल से निकला था

जेईई की तैयारी कर रहा 16 साल का छात्र लापता, कोचिंग इंस्टीट्यूट में टेस्ट देने जाने की  बात कह कर हॉस्टल से निकला था

एनसीआई@कोटा

कोचिंग इंस्टिट्यूट में टेस्ट देने के बहाने रविवार दोपहर बारह बजे करीब हॉस्टल से निकला कोचिंग छात्र तब से लापता है। 16 साल का यह छात्र मध्य प्रदेश के राजगढ़ का रहने वाला है। यह एक साल से कोटा में रहकर जेईई (JEE) की तैयारी कर रहा था। इस छात्र की आखिरी लोकेशन गरडिया महादेव मंदिर इलाके में मिली है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस की अलग-अलग टीमें इस छात्र की तलाश में जुटी हैं।

हॉस्टल, जिसमें छात्र रचित रहता है।

लापता छात्र रचित सौंध्या (16) महावीर नगर प्रथम स्थित एक हॉस्टल में रहता था। रविवार को इसके कोचिंग इंस्टीट्यूट में टेस्ट था। इसके लिए वह दोपहर करीब साढ़े बारह बजे हॉस्टल से निकला था। वह अपने साथ बैग भी लेकर गया था, लेकिन कोचिंग इंस्टीट्यूट नहीं पहुंचा।

परिजनों को किया था यह मैसेज

हॉस्टल के केयर टेकर नंदकिशोर सैनी ने बताया- रविवार शाम तक बच्चा हॉस्टल वापस नहीं लौटा। उसका फोन भी बंद आया। इसकी जानकारी उसके परिवार वालों को दी गई। उन्हें इस छात्र ने दोपहर दो बजे के आसपास मैसेज किया था कि- ‘शाम 7 बजे बात करूंगा।’

सोमवार सुबह करीब 7 बजे इस छात्र रचित के पिता जगनारायण सौंध्या एमपी के राजगढ़ स्थित ब्यावरा से कोटा पहुंचे। इससे पहले हॉस्टल वालों ने पुलिस को मामले की जानकारी दे दी थी। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी। वहीं पिता के आने पर उसकी गुमशुदगी दर्ज की।

कैब से गरडिया महादेव गया

कोटा सिटी एसपी शरद चौधरी ने बताया- पुलिस की टीम रविवार से लगातार छात्र रचित की तलाश में जुटी हुई है। सोमवार दोपहर तक की तलाश में सामने आया कि स्टूडेंट कैब से गरडिया महादेव तक पहुंचा है। वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में अंदर जाता नजर आया है। मगर वह वहां से बाहर निकलता नजर नहीं आया। एसडीआरएफ और निगम गोताखोर की टीम गरडिया महादेव में तलाश कर रही है।

एसडीआरएफ कम्पनी कमांडर एकता हाड़ा ने बताया कि सूचना मिलने पर टीम गरडिया महादेव मंदिर इलाके में पहुंची। 1 हेड कॉन्स्टेबल और 9 कॉन्स्टेबल की टीम ने दोपहर 3 बजे से उसका रेस्क्यू शुरू किया। मंदिर से 200 मीटर दूरी पर रचित का बैग, चप्पल, मोबाइल, पावर बैंक, कमरे की चाबी, एक चाकू, रस्सी मिले हैं। अंधेरा हो जाने के कारण शाम 6 बजकर 45 मिनट पर रेस्क्यू ऑपरेशन बंद कर दिया। मंगलवार सुबह फिर से तलाशी अभियान चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.