केन्द्रीय मंत्री गडकरी ने राजस्थान को दी बड़ी सौगात, जयपुर और दिल्ली के बीच चलेगी इलेक्ट्रिक बस, 30 फीसदी कम होगा किराया
एनसीआई@उदयपुर
केन्द्रीय मंत्री गडकरी ने जयपुर और दिल्ली के बीच इलेक्ट्रिक केबल बस चलाने की घोषणा करते हुए कहा कि दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस-वे को जयपुर से जोड़ा जाएगा। इसके लिए काम चल रहा है। आने वाले दिनों में इलेक्ट्रिक केबल की मदद से जयपुर और दिल्ली के बीच बसें चलेंगी। इन बसों में सुविधाएं हवाई जहाज जैसी होंगी।

केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने आज सोमवार को राजस्थान को बड़ी सौगात दी। केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री गडकरी ने उदयपुर में एक कार्यक्रम में वर्चुअल तरीके से प्रदेश में ढाई हजार करोड़ रुपए की 17 सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री एवं पीडब्ल्यूडी मंत्री दीया कुमारी ने भी शिरकत की। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री गडकरी ने 1 हजार 613 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण किया।
इन परियोजनाओं में चित्तौड़-उदयपुर खंड के 6 लेन का निर्माण, ब्यावर आसींद खंड का 2 लेन पेव्ड शोल्डर का निर्माण, आसींद-मांडल खंड 2 लेन पेव्ड शोल्डर का निर्माण, ब्यावर-गोमती खंड (बघाना से मादा बस्सी) 4 लेन का निर्माण और भमरासिया से मोड़ी कुराबड़ सड़क एमडीआर 150 का चौड़ीकरण कार्य शामिल हैं। इसी कार्यक्रम में नितिन गडकरी ने 887 करोड़ रुपए की 12 परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया।

इनमें गागरिया मुनाबाव खंड का 2 लेन पेव्ड शोल्डर का निर्माण, सांचौर शहर में एलिवेटेड राजमार्ग का निर्माण, साकरोढा-मेंनार सड़क का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य, बालूखल से आमलावाड़ा-अली मोखमपुरा सड़क का चौड़ीकरण कार्य, चैनपुरा फाटक, झिलाई फाटक टोंक, रीको फाटक भरतपुर, हिंडौन फाटक, हरसोली फाटक, डबल फाटक अलवर, सांचौर फाटक सांचौर पर सेतु बंधन परियोजना के तहत रेलवे क्रॉसिंग पर 7 पुलों के निर्माण कार्य भी शामिल हैं।
जयपुर को दी यह सौगात
कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री गडकरी ने जयपुर और दिल्ली के बीच इलेक्ट्रिक केबल बस चलाने की भी घोषणा की। उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस-वे को जयपुर से जोड़ा जाएगा। इसके लिए काम चल रहा है। यही नहीं, आने वाले दिनों में इलेक्ट्रिक केबल की मदद से जयपुर और दिल्ली के बीच बसें चलेंगी। इन बसों में सुविधाएं हवाई जहाज जैसी होंगी और इनमें किराया डीजल से चलने वाली बसों के मुकाबले करीब 30 फीसदी सस्ता होगा। इसके अलावा, इन बसों में यात्रियों को स्नैक्स भी मिलेंंगे।

विदेश यात्रा के बाद आया यह आइडिया
अपने सम्बोधन में केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि कुछ समय पहले वह चेक गणराज्य की यात्रा पर गए थे। वहां उन्होंने इलेक्ट्रिक केबल की मदद से बसों को चलते देखा तो भारत में भी ऐसी ही बसें चलाने का आइडिया आया। इस आइडिया के बाद ही उन्होंने जयपुर से दिल्ली के बीच यह बस चलाने की घोषणा की है। इसके लिए सड़क पर रेलवे ट्रेक की तरह बिजली की केबल बिछाई जाएगी। केबल का काम पूरा होने के बाद तीन बसों को आपस में जोड़कर चलाया जाएगा।
