April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

एयरफोर्स के जवान ने हैदराबाद में की आत्महत्या, दोस्त की पत्नी ने दर्ज कराया था दुष्कर्म का केस, पिता का आरोप-धर्म बदलने का डाल रहे थे दबाव

एयरफोर्स के जवान ने हैदराबाद में की आत्महत्या, दोस्त की पत्नी ने दर्ज कराया था दुष्कर्म का केस, पिता का आरोप-धर्म बदलने का डाल रहे थे दबाव

एनसीआई@नागौर

दोस्त की पत्नी ने दुष्कर्म का केस दर्ज कराया तो डीडवाना-कुचामन जिले के रहने वाले एयरफोर्स के जवान ने हैदराबाद में आत्महत्या कर ली। एयरफोर्स के इस जवान का शव शुक्रवार को गच्छीपुरा थाना क्षेत्र स्थित पैतृक गांव मिदियान लाया गया। परिजन शव लेकर थाने पहुंचे और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। मांग पूरी होने का आश्वासन मिलने पर शव का दाह-संस्कार किया।

एयरफोर्स में कॉर्परल के पद पर तैनात सुखाराम भींचर (24) के पिता आशाराम (44) ने गच्छीपुरा थाने में मामला दर्ज करवाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि दुष्कर्म का केस करने वाली महिला उसके दोस्त की पत्नी है। वह, उसका पति और ससुर मेरे बेटे पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाकर ब्लैकमेल कर रहे थे।

मकराना डीएसपी भवानी सिंह शेखावत ने बताया- हैदराबाद में एयरमैन सुखाराम भींचर ने मंगलवार (20 फरवरी) को अपने कमरे में फंदा लगाकर सुसाइड किया था। शुक्रवार सुबह 9 बजे परिजन उसके शव को लेकर गच्छीपुरा थाने पहुंचे और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।

हेड कॉन्स्टेबल के बेटे से थी दोस्ती

रिपोर्ट में पिता ने बताया- इनके बेटे सुखाराम की जान-पहचान डीडवाना-कुचामन जिले के ही एक थाने में तैनात एक हेड कॉन्स्टेबल के बेटे से थी। दोनों ने कुचामन में साथ पढ़ाई की थी। सुखाराम का साल 2017 में वायुसेना में सलेक्शन हो गया था। वह छुट्टी पर आता था तो हेड कॉन्स्टेबल का बेटा उसे दोस्ती का हवाला देकर अपने साथ सरकारी क्वार्टर में रखता था। वहां उसका मकसद रुपए ऐंठना था।

इसी प्रकार अगस्त 2023 में भी सुखाराम छुट्टी लेकर आया तो हेड कॉन्स्टेबल का बेटा उसकी पत्नी को लेकर घर आया और एक-दो दिन रुका। इसके बाद सुखाराम और उसकी पत्नी पूजा को अपने घर मकराना बुलाया।

धर्म परिवर्तन का बनाते थे दबाव

पिता आशाराम का आरोप है कि हेड कॉन्स्टेबल, उसका बेटा और बहू सुखाराम को हिन्दू धर्म से विमुख करना चाहते थे। वे हिन्दू धर्म के खिलाफ उसे भड़काते और ब्रेन वॉश करते थे। बेटे की सैलरी भी तीनों हड़प रहे थे। तीनों सुखाराम पर धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहे थे। धर्म नहीं बदलने पर दुष्कर्म का झूठा मामला दर्ज करवा कर एयरफोर्स से निकलवाने की धमकी देते थे।

आखिरकार सोमवार (19 फरवरी) को दोस्त की पत्नी ने सुखाराम पर परबतसर थाने में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करवा दिया। उस वक्त सुखाराम हैदराबाद में था। यह बात पता चलने के बाद उसने वहां 20 फरवरी को आत्महत्या कर ली। सुखाराम 9 फरवरी को ही गांव से हैदराबाद गया था।

हैदराबाद में परिचित को बताई थी सारी बात

सुखाराम के पिता का कहना है कि हैदराबाद में सुखाराम का परिचित मोतीराम पुत्र नारायणराम मार्बल का व्यापार करता है। दो महीने पहले सुखाराम मोतीराम से मिला था। तब उसने मोतीराम को बताया था कि उसका दोस्त पैसे के लालच में उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहा है। दोस्त साल 2020 से उससे रुपए ऐंठ रहा है। रेप केस में फंसाकर नौकरी से निकलवाने की धमकी दे रहा है।

एसआईटी का गठन करने का आश्वासन दिया

परिजनों ने गच्छीपुरा थाने के सामने धरना दिया तो अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मवीर जानू और सीओ भवानी सिंह ने एसआईटी का गठन कर मामले की जांच करवाने का आश्वासन दिया। साथ ही आरोपी हेड कॉन्स्टेबल को एपीओ करने और मामले की जांच करने की बात कही। इसके बाद अपराह्न सवा तीन बजे परिजनों ने धरना समाप्त किया और शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।

दोस्त की पत्नी ने कराया था यह केस दर्ज

सुखाराम के दोस्त का पिता परबतसर थाना इलाके का निवासी है। वह पुलिस में हेड कॉन्स्टेबल है। बीकानेर निवासी उसकी बहू ने सुखाराम पर दुष्कर्म का केस दर्ज कराया।

महिला ने रिपोर्ट में कहा था- 4 मार्च 2021 को मेरा निकाह हुआ था। निकाह के बाद मैं अपने ससुर को अलॉट सरकारी क्वार्टर में रहने चली गई। पति का दोस्त सुखाराम पारिवारिक सम्बन्ध का हवाला देकर घर आता-जाता था। इस दौरान मौका पाकर वह छेड़छाड़ करता। इसकी शिकायत पति से की तो उन्होंने ध्यान नहीं दिया। 28 जनवरी 2024 को सास-ससुर और ननद बीकानेर चले गए। मैं और 18 माह की बेटी ही घर पर थे। इस दौरान सुखाराम घर आया और दुष्कर्म किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.