July 13, 2026

News Chakra India

Never Compromise

भारत जोड़ो न्याय यात्रा 25 फरवरी को पहुंचेगी राजस्थान, धौलपुर में राहुल गांधी करेंगे जनसभा

भारत जोड़ो न्याय यात्रा 25 फरवरी को पहुंचेगी राजस्थान, धौलपुर में राहुल गांधी करेंगे जनसभा

एनसीआई@जयपुर

मणिपुर से शुरू हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा राहुल गांधी की अगुवाई में 25 फरवरी को राजस्थान में प्रवेश करेगी। यह यात्रा उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से राजस्थान के धौलपुर में आएगी। कांग्रेस इस न्याय यात्रा के जरिए पूर्वी राजस्थान की तीन लोकसभा सीटों करौली-धौलपुर, भरतपुर और दौसा को साधने की कोशिश कर रही है। धौलपुर में राहुल गांधी जनसभा को सम्बोधित करेंगे।

राजस्थान में कांग्रेस ने इस यात्रा को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेशाध्यक्ष गोविंद डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली धौलपुर पहुंचे।

धौलपुर से मध्यप्रदेश जाएगी यात्रा

भारत जोड़ो न्याय यात्रा के 25 फरवरी को धौलपुर पहुंचने के बाद 5 दिन का ब्रेक होगा। राहुल गांधी जनसभा के बाद दिल्ली लौट जाएंगे। वह 2 मार्च को वापस धौलपुर आएंगे। 2 मार्च को राहुल गांधी सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ राजाखेड़ा बाईपास से मध्य प्रदेश बॉर्डर तक करीब ढाई किलोमीटर पैदल चलेंगे। इसके बाद यात्रा मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में प्रवेश कर जाएगी।

गौरतलब है कि पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में बेशक कांग्रेस के हाथ से सत्ता चली गई हो, लेकिन धौलपुर जिले में बीजेपी खाता तक नहीं खोल पाई थी। धौलपुर की 4 में से 3 सीटों पर कांग्रेस और एक सीट पर बसपा प्रत्याशी ने जीत दर्ज की थी। वहीं करौली जिले की 4 विधानसभा सीटों में भी दोनों पार्टियों का पलड़ा बराबर रहा था। कांग्रेस और बीजेपी ने यहां 2-2 सीटें जीती थीं।

ऐसे में कांग्रेस की कोशिश है कि राहुल गांधी की न्याय यात्रा के जरिए पार्टी पूर्वी राजस्थान में खोया अपना जनाधार वापस पा सके। वहीं, हार से निराश कार्यकर्ताओं में इस यात्रा के जरिए नया जोश भी फूंका जाए, ताकि लोकसभा चुनाव में बीजेपी को कड़ी टक्कर दी जा सके।

सत्ता परिवर्तन के बाद राहुल गांधी की पहली जनसभा

प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद राहुल गांधी दूसरी बार राजस्थान आ रहे हैं। 14 फरवरी को सोनिया गांधी के राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन के समय राहुल गांधी भी मौजूद थे। लेकिन, सत्ता परिवर्तन के बाद 25 फरवरी को पहली बार राहुल गांधी यहां जनसभा को सम्बोधित करेंगे।

फ्लेग एक्सचेंज सेरेमनी के बाद जनसभा

राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की न्याय यात्रा 25 फरवरी को शाम 4 बजे धौलपुर जिले में प्रवेश करेगी। यहां फ्लेग एक्सचेंज सेरेमनी होगी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अजय राय पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा को न्याय यात्रा का फ्लेग सौंपेंगे।

फ्लेग एक्सचेंज सेरेमनी के तुरंत बाद जिले के बोथपुरा मोड़ पर एक जनसभा आयोजित होगी, जिसे राहुल गांधी सम्बोधित करेंगे। जनसभा में तीनों लोकसभा सीटों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है। वहीं, मध्यप्रदेश से भी कांग्रेस कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे। जनसभा में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा सहित प्रदेश कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता और विधायक मौजूद रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.