April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

कोचिंग जाने से नाराज शिक्षक ने बच्ची से की पिटाई, हाथ फ्रेक्चर, पिता का आरोप- बच्चों को गालियां देता है, आरोपी निलम्बित और जालोर स्थानांतरण

कोचिंग जाने से नाराज शिक्षक ने बच्ची से की पिटाई, हाथ फ्रेक्चर, पिता का आरोप- बच्चों को गालियां देता है, आरोपी निलम्बित और जालोर स्थानांतरण

एनसीआई@कोटा

कैथून थाना क्षेत्र के खेड़ारसूलपुर गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के एक शिक्षक ने 5 वर्षीय छात्रा के कोचिंग जाने से नाराज होकर उसकी बुरी तरह पिटाई कर डाली। इससे उसका एक हाथ फ्रेक्चर हो गया। यह घटना शनिवार दोपहर 2 बजे की बताई गई है। रविवार को शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने जिला शिक्षा अधिकारी को 3 घंटे में मामले की रिपोर्ट देने के लिए कहा।

इस सनसनीखेज मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने शनिवार शाम 6 बजे आरोपी शिक्षक अब्दुल सत्तार (45) को गिरफ्तार कर लिया। इधर, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने रविवार को जिला शिक्षा अधिकारी को तीन घंटे में रिपोर्ट देने के आदेश दिए। पिता का आरोप है कि शिक्षक सत्तार कक्षा में बच्चों को गाली भी देता था।

वहीं जिला शिक्षा अधिकारी केके शर्मा ने बताया कि शिक्षा मंत्री के आदेश के बाद गांव जाकर पीड़ित परिवार से बात की गई। बच्ची के हाथ में चोट लगी है। प्रारम्भिक जांच के बाद शिक्षक अब्दुल सत्तार को सस्पेंड कर उसका जालोर ट्रांसफर कर दिया गया है।

पिता बोले- रिश्तेदार ने फोन कर बताया कि बच्ची रो रही है

कैथून थाने के एसएचओ हरलाल मीणा ने बताया- बच्ची के पिता (35) ने शनिवार शाम 4 बजे टीचर अब्दुल सत्तार के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में कहा गया था कि मेरा 9 साल का बेटा और 5 साल की बेटी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, खेड़ारसूलपुर में पढ़ते हैं। दोनों शनिवार सुबह 10 बजे स्कूल गए थे। दोपहर करीब दो बजे स्कूल के पास रहने वाले एक रिश्तेदार का फोन आया और उसने बताया कि मेरी बेटी रो रही है और कह रही है कि स्कूल में उसकी पिटाई की गई है। पिता ने बताया- जब मैं वहां पहुंचा तो बेटी रो रही थी।

इसके बाद उसे स्कूल लेकर गया और टीचर अब्दुल सत्तार से इसका कारण पूछा तो उसने कोई जवाब नहीं दिया। मैंने जब कहा कि आपके खिलाफ थाने में शिकायत दूंगा तो वह धमकाते हुए कहने लगा- जो इच्छा हो, वो करो।

पहले भी बेटे ने की थी शिकायत, कोचिंग जाने से नाराज था

पिता ने बताया कि अब्दुल सत्तार पहले भी बच्चों से मारपीट कर चुका है। तीन दिन पहले भी बेटे ने घर आकर बताया था कि शिक्षक ने पिटाई की है। जब अब्दुल सत्तार से पिटाई के बारे में पूछा तो वह बोला- पढ़ाई नहीं करेंगे तो पिटाई होगी।

पिता का आरोप है कि मेरी बेटी कोचिंग पढ़ने जाती है। इसी को लेकर टीचर उससे नाराज रहता था और कोचिंग जाने से मना करता था। घायल बच्ची का शनिवार को मेडिकल करवाया गया।

बच्चों से झाडू लगवाता था

एसएचओ ने बताया- पिता की रिपोर्ट के अनुसार, शिक्षक अब्दुल सत्तार क्लास में बच्चों से गाली-गलौच करने के साथ बच्चों से झाड़ू भी लगवाता था, जिसका वीडियो भी उसके पास है।

पिता की शिकायत के बाद आरोपी अब्दुल सत्तार को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया था। उसके खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच डीएसपी गजेन्द्र सिंह कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.