July 13, 2026

News Chakra India

Never Compromise

एसआई थाने में रिश्वत लेते पकड़ा गया, परिवादी को देता था गिरफ्तार करने की धमकी

एसआई थाने में रिश्वत लेते पकड़ा गया, परिवादी को देता था गिरफ्तार करने की धमकी

एनसीआई@जयपुर

जयपुर एसीबी ने आज शुक्रवार को सोडाला थाने के एसआई अशोक मीणा को थाने में ही 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। एसीबी को परिवादी ने शिकायत दी थी कि एसआई अशोक मीणा थाने में दर्ज एक मुकदमे में मदद करने के लिए रुपए की डिमांड कर रहा है। शिकायत का सत्यापन करने के बाद ट्रेप की कार्रवाई को अंजाम दिया गया। उल्लेखनीय है कि इसी थाने में गोगामेड़ी हत्याकांड के दो आरोपियों को रखा गया है।

एसीबी के डीएसपी नीरज गुरनानी ने बताया- परिवादी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज है। इसकी जांच सब इंस्पेक्टर अशोक मीणा कर रहा था। केस में मदद करने के लिए आरोपी एसआई ने परिवादी से 20 हजार रुपए की डिमांड की थी। इस पर परिवादी ने पैसे देने में आनाकानी की। इस पर एसआई ने उसे पैसों के लिए धमकाना शुरू कर दिया। अशोक मीणा उसे गिरफ्तार करने की धमकी देता था। आखिर पीड़ित ने 26 मार्च को एसीबी मुख्यालय में इस बात की शिकायत की।

थाने में ही गिरफ्तार किया

एसीबी के अधिकारियों के निर्देश पर शिकायत का सत्यापन कराया गया। मामला सही साबित होने पर आज कार्रवाई को अंजाम दिया गया। जब एसीबी की टीम थाने पहुंची तो सबसे पहले गेट पर खड़े कमांडो ने उसे रोक लिया। कमांडो ने उन्हें अंदर नहीं जाने दिया। इसके बाद एसीबी की टीम पीछे हट गई। कुछ देर बाद आरोपी एसआई ने फोन करके परिवादी को थाने बुलाया। करीब साढ़े 12 बजे परिवादी थाने पहुंचा।

एसीबी ने परिवादी को समझा दिया था कि पैसा उनकी मौजूदगी में ही देना है। इसके बाद परिवादी एसआई अशोक मीणा के कहने पर थाने के अंदर गया। वहां परिवादी ने मीणा से कहा-पैसा दूसरे व्यक्ति के पास है, उसे बुला लेता हूं। इस पर एसीबी के अधिकारी थाने के अंदर पहुंचे और ट्रेप की कार्रवाई को अंजाम दिया। एसआई से थाने में एसीबी की टीम पूछताछ कर रही है। वहीं, एसीबी की एक अन्य टीम एसआई अशोक मीणा के घर और अन्य जगहों पर सर्च कर रही है।

गोगामेड़ी हत्या कांड के दो आरोपियों से इसी थाने में हो रही पूछताछ

उल्लेखनीय है कि सोडाला थाने में ही गोगामेड़ी हत्याकांड के दो आरोपियों से एनआईए की टीम पूछताछ कर रही है। इसलिए पूरे थाने को चारों तरफ से पर्दे लगाकर ढका हुआ है। थाने में जाने वाले हर व्यक्ति से पूछताछ की जाती है। ऐसी स्थिति में एसीबी ने सब इंस्पेक्टर अशोक मीणा को ट्रेप किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.