पति ने पत्थर से सिर फोड़ कर पत्नी की हत्या की, 15 साल पहले किया था प्रेम विवाह
एनसीआई@कोटा
अनंतपुरा थाना इलाके में एक व्यक्ति ने शराब के नशे में पत्थर से सिर फोड़ कर पत्नी की हत्या कर दी। इस दौरान उसने पत्नी का एक पैर तोड़ डाला। जांघ सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों पर भी चोट के निशान मिले हैं। इस वारदात को अंजाम दे आरोपी फरार हो गया था। बाद में पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार सुबह सात बजे करीब लोगों ने महिला के शव को देख कर पुलिस को सूचना दी। इस पर वह मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वायड व एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पति सुनील को हिरासत में ले लिया।
अनंतपुरा थाना एसआई लोकेश ने बताया- सुबह 7 बजे करीब स्काई पार्क के पास पत्थर के स्टॉक पर एक महिला के खून से लथपथ पड़े होने की सूचना मिली थी। इस पर मौके पर पहुंच डॉग स्क्वायड व एफएसएल टीम को बुलाया गया। मृतक महिला की पहचान सायरा (35) के रूप में हुई। शव को एमबीएस हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में शिफ्ट करवाया गया।
सायरा ने 15 साल पहले सुनील से किया था प्रेम विवाह
पुलिस ने बताया-आसपास पूछताछ करने पर सामने आया कि रात 10-11 बजे तक सायरा और सुनील साथ में थे। इस दौरान दोनों ने शराब पी थी व तभी इनमें झगड़ा हुआ था। इसी बीच सुनील ने गुस्से में आकर सायरा पर पत्थर से हमला किया था। उसकी हत्या के बाद वह फरार हो गया था। उसे सुबह राउंडअप कर लिया गया। सुनील ने पत्नी की हत्या करने की बात कबूल कर ली है। उससे हत्या के कारणों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
सायरा के पिता ने यह दी जानकारी
इधर, सायरा के पिता रमेश ने बताया कि सायरा उर्फ पिंकी अपने तीन बच्चों व पति के साथ पत्थर मंडी स्थित टापरी में रहती थी। उसका पति सुनील (38) ड्राइवर का काम करता है। सुबह उन्हें किसी मजदूर ने बताया कि सायरा लहूलुहान हालत में पत्थर स्टॉक के पास पड़ी हुई है। मौके पर जाकर देखा तो सायरा के सिर से खून बह रहा था। उसका दायां पैर टूटा हुआ था, बाएं पैर की जांघ पर चोट के निशान थे, पीठ पर खरोंचनुमा चोट थी। सायरा ने सुनील से 15 साल पहले प्रेम विवाह किया था। वह शराब के नशे में आए दिन उससे मारपीट करता था। इस कारण अपने 3 बच्चों के साथ बेटी कभी-कभी हमारे पास आ जाती थी। सुनील ने ही बेटी को मारा है।
पूर्व विधायक भी पहुंचे

इधर, हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी पर पूर्व विधायक भवानी सिंह राजावत भी पहुंचे। उन्होंने कहा- पारिवारिक विवाद था। रात में ही महिला पर पत्थरों से हमला करके मौत के घाट उतार दिया। मेरी मांग है कि जिस बेरहमी से हत्या हुई है। मृतक परिवार को 5 लाख की आर्थिक मदद मिलनी चाहिए।
