‘कांग्रेस को वोट देते तो कोटा पीएफआई का गढ़ बन जाता, मोदी जी ने उनका सफाया कर दिया, गहलोत को केवल अपने बेटे की फिक्र’: अमित शाह
एनसीआई@भीलवाड़ा/कोटा
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज शनिवार को भीलवाड़ा में भाजपा प्रत्याशी दामोदर अग्रवाल के समर्थन में विजय संकल्प महासभा को सम्बोधित किया। वह इसके बाद कोटा पहुंचे। यहां सीएडी ग्राउंड पर भाजपा प्रत्याशी ओम बिरला के समर्थन में जनसभा को सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर बड़ा हमला किया। उन्होंने कहा- ‘अगर आपने 2019 में कांग्रेस को वोट दिए होते तो कोटा पीएफआई का गढ़ बन जाता। मोदी जी को वोट दिया तो पीएफआई का सफाया कर दिया। कांग्रेस विकास विरोधी पार्टी है। गहलोत सरकार ने 5 साल तक ईआरसीपी को आगे नहीं बढ़ने दिया। भजनलाल सरकार ने 3 महीने में ही ईआरसीपी का काम आगे बढ़ा दिया। हर गांव-ढाणी में ईआरसीपी का पानी पहुंचाने की मोदी की गारंटी है।

इससे पूर्व शाह ने भीलवाड़ा के जहाजपुर विधानसभा क्षेत्र के शक्करगढ़ में भाजपा प्रत्याशी दामोदर अग्रवाल के समर्थन में विजय संकल्प महासभा को सम्बोधित किया। इस सभा के माध्यम से शाह ने भीलवाड़ा जिले की जहाजपुर, मांडलगढ़, आसींद, मांडल, शाहपुरा, सहाड़ा, भीलवाड़ा और बूंदी जिले की हिंडोली विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं को साधा।
शाह बोले- कांग्रेस पार्टी वाले झूठ फैला रहे
इन सभाओं में केन्द्रीय गृहमंत्री शाह ने कहा- ‘हमने बहुमत का उपयोग गरीबी को हटाने में किया, देश को सुरक्षित बनाने में किया, अर्थतंत्र को 11 वें से 5 वें नम्बर पर लाने में किया। जब तक भाजपा का एक भी कार्यकर्ता जिंदा है, हम आरक्षण को हटाने नहीं देंगे। ये कांग्रेस पार्टी वाले झूठ फैला रहे हैं। देश के अर्थतंत्र को दुनिया में तीसरे नम्बर पर लाने का काम नरेन्द्र मोदी करेंगे।

उन्होंने आगे कहा-जब 200 रुपए की मटकी भी लेने जाएं तो टकोरा लगाकर देखते हैं, तो फिर देश का खजाना किसे सौंपना है, इसका पूरा ध्यान रखकर वोट करना। बिरला को जीता कर लोकसभा भेजिए, हम कोटा-बूंदी को देश का नम्बर वन लोकसभा क्षेत्र बनाएंगे।
राजस्थान छोड़ कर बेटे को जिताने में लगे गहलोत
इसी के साथ शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तंज करते हुए कहा-‘गहलोत जी पूरा राजस्थान छोड़कर अपने बेटे को जिताने में लगे हुए हैं। हम 400 पार की बात करते हैं तो कांग्रेस के पेट में दर्द होता है। ये झूठ के सरदार हैं।’

उन्होंने कहा- कोटा की साड़ी और कोटा स्टोन को दुनियाभर में जीओ टैग दिलाने का काम भी बीजेपी ने किया है। राहुल बाबा कहते थे धारा-370 मत हटाओ, खून की नदियां बह जाएंगी। ये मोदी की सरकार है, खून की नदियां तो छोड़ो, कंकड़ चलाने की मजाल नहीं है किसी की।
पहले चरण के चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ
शाह ने कहा- ‘कोटा-बूंदी वालों बिरला जी को दिया गया एक-एक वोट, सीधा मोदी जी के अकाउंट में जमा होने वाला है। पहले चरण में सभी सीटों पर कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। 25 सीटों पर हेट्रिक लगाने का काम कोटा-बूंदी वालों को करना है।’
राहुल बाबा 20 बार लॉन्च, हर बार फेल हुए
वहीं कोटा के सीएडी ग्राउंड पर जनसभा को सम्बोधित करते हुए अमित शाह ने कहा- कोटा वालों आपने सांसद ऐसा चुना था, जिन्होंने स्पेशल ट्रेनें चलवा कर कोरोना काल के दौरान बच्चों को घर पहुंचवाया। पूरे देश के सामने 2 विकल्प हैं। एक नरेंद्र मोदीजी हैं, दूसरी ओर राहुल बाबा हैं। राहुल बाबा 20 बार लॉन्च किए गए, लेकिन हर बार फेल रहे।

इससे पहले कोटा के सीएडी ग्राउंड पर पहुंचे अमित शाह ने मंच से सभी का अभिवादन किया। लोग यहां अमित शाह का कटआउट लेकर पहुंचे थे। इनमें महिलाएं भी शामिल थीं।
3 डोम में थी 40 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था
कोटा के सीएडी ग्राउंड पर गृह मंत्री अमित शाह की जनसभा के लिए 3 डोम बनाए गए थे। इनमें 40 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। अमित शाह के कोटा पहुंचने से पहले ही खासी संख्या में महिलाओं सहित पुरुष कार्यकर्ता भी सभास्थल पर पहुंच गए थे।

‘कांग्रेस के पास ना नीति है, ना नीयत है’
गृहमंत्री ने कहा- कांग्रेस के पास ना नीति है, ना नीयत है, ना नेता हैं। मोदी को वोट दीजिए और अगले 5 साल में भारत को दुनिया में उचित सम्मान वाले स्थान पर पहुंचाएंगे। मैं गुजरात से आया हूं, थोड़ा जोर से बोलो.. मेरे साथ दोनों हाथों को उठाओ और विजय के संकल्प की मुट्ठी बांधकर नारा लगाओ… जय श्रीराम।
अब सिलेंडर रिफिल कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी
शाह ने कहा- तीन करोड़ नए घर बनाकर दिए जाएंगे। अब सिलेंडर रिफिल कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पाइप लाइन लगाकर सीधे घर तक गैस पहुंचाई जाएगी।
रामलला के दर्शन नहीं करने वालों को जनता माफ नहीं करेगी
अमित शाह ने कहा- जो लोग वोट बैंक के लालच से रामलला के दर्शन नहीं करते हैं, उन्हें देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। मोदी ने देश को सुरक्षित और समृद्ध करने का काम किया है। मोदी ने भारत को 10 साल में 11वें नम्बर की अर्थव्यवस्था से 5 वें नंबर पर पहुंचा दिया। नरेन्द्र मोदी ने सबसे बड़ा काम 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन देने का काम किया।
अमित शाह ने गिनाईं उपलब्धियां
शाह ने कहा- मोदी ने एक झटके से ट्रिपल तलाक को हटाया। नई संसद बनाई। कर्त्तव्य पथ बनाया। अंग्रेजों के कानून को हटाकर नया कानून बनाया। 80 करोड़ गरीबों के कल्याण के लिए काम किया। मुफ्त राशन दिया। 12 करोड़ शौचालय बनाकर माताओं-बहनों का सम्मान किया। 10 करोड़ लोगों को उज्ज्वला का कनेक्शन दिया। 14 करोड़ जनता को नल से जल दिया।
शाह ने पुलिस वालों को टोका
शाह ने भीलवाड़ा की सभा में पीछे की तरफ खड़े कार्यकर्ताओं को आगे आने से रोक रहे पुलिसकर्मियों को ऐसा करने से मना किया। उन्होंने कहा-पुलिसवालों इन्हें आने दो, रोको मत।
कश्मीर के लिए राजस्थान की माताओं ने बेटों का बलिदान दिया

भीलवाड़ा की सभा में शाह ने कहा-दामोदर जी को दिया गया हर वोट नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाएगा। मोदी ने जो भी वादे किए, उन्होंने पूरे किए। कश्मीर हमारा है कि नहीं। है… खड़गे जी कहते हैं कि राजस्थान वालों का कश्मीर से क्या लेना-देना। खड़गे को नहीं मालूम कि राजस्थान से कितने लोग सेना में हैं। कश्मीर के लिए राजस्थान के न जाने कितनी माताओं ने अपने लाल की बलि दी है। धारा 370 हटाना चाहिए कि नहीं? इस पर जनता से जवाब मिला-हटाना चाहिए…..। वह आगे बोले-कांग्रेस पार्टी 70 साल से धारा 370 को सम्भालकर बैठी थी। मोदी जी ने इसे समाप्त कर दिया। कश्मीर को हमेशा के लिए भारत का हिस्सा बना दिया।
सोनिया गांधी का एजेंडा है- राहुल बाबा को पीएम बनाओ
भीलवाड़ा में रैली को सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा- ये राहुल बाबा और उनकी बहन हर 3 महीने में विदेश में वैकेशन मनाने जाते हैं। प्रियंका गांधी जी चुनाव के बीच थाइलेंड छुट्टी मनाकर आई हैं। दूसरी ओर 23 साल से दीपावली की भी छुट्टी भी न लेने वाले नरेन्द्र मोदी जी हैं। एक ओर सोनिया जी का एजेंडा है कि मेरे बेटे राहुल बाबा को प्रधानमंत्री बनाओ। दूसरी ओर मोदी जी का एजेंडा है- मेरे भारत को महान भारत बनाओ…पिछले 10 साल के अंदर मोदी जी ने जितने भी वादे किए, वो सभी वादे उन्होंने पूरे किए।
12 की 12 सीटें नरेन्द्र मोदी जी की झोली में जा रहीं
अमित शाह ने कहा- राजस्थान 25 की 25 सीटें भाजपा को देने जा रहा है। कल जो चुनाव हुआ है, उसमें 12 की 12 सीटें नरेन्द्र मोदी जी की झोली में जा रही हैं। अशोक गहलोत का बेटा भी बड़ी मार्जिन से हार रहा है।
