कांग्रेस पार्षद की बेटी की हत्या मामला: लड़की के पिता और बीजेपी बता रही लव जिहाद, सीएम सिद्धारमैया का दावा-हत्या निजी कारणों से की गई
एनसीआई@बेंगलुरू
कर्नाटक के हुबली में कांग्रेस पार्षद निरंजन हिरेमथ की बेटी के मर्डर केस को भाजपा ने लव जिहाद का मामला बताया है। केन्द्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि इस घटना के पीछे लव जिहाद का एंगल है। कांग्रेस के शासन में कानून व्यवस्था पूरी तरह से खराब हो गई है।

वहीं, बड़ी बात यह है कि लड़की के पिता ने भी इस वारदात को लव जिहाद का मामला बताया है। उन्होंने दावा किया कि आरोपी ने उनकी बेटी को फंसाने की योजना बनाई थी। वे उसे धमकी दे रहे थे, लेकिन हमारी लड़की ने इस पर ध्यान नहीं दिया।

दूसरी ओर, राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने लव जिहाद के दावों को खारिज कर दिया है। खास बात यह है कि राज्य में कांग्रेस की ही सत्ता है। मृत लड़की के पिता भी कांग्रेस नेता हैं। सिद्धारमैया ने कहा- यह हत्या निजी कारणों से की गई है। राज्य में कानून व्यवस्था बिल्कुल दुरुस्त है।
यह है मामला
दरअसल, कर्नाटक के हुबली स्थित बीवीबी कॉलेज केम्पस में गुरुवार (18 अप्रेल) को कांग्रेस पार्षद निरंजन हिरेमथ की 23 वर्षीय बेटी नेहा हिरेमथ की उसी कॉलेज के ड्रॉप आउट स्टूडेंट फैयाज खोंडुनाईक (23) ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी। नेहा MCA फर्स्ट ईयर की स्टूडेंट थी। फैयाज खोंडुनाईक ने नेहा के गले, पेट सहित शरीर के अन्य भागों पर चाकू से 7 वार किए थे।
इस हमले में फैयाज को भी कुछ चोटें आईं थीं। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां नेहा को मृत घोषित कर दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें फैयाज, नेहा पर जोरदार हमला करता नजर आ रहा है।
लड़की के पिता बोले-यह लव जिहाद नहीं है तो क्या है?
लड़की के पिता निरंजन हिरेमथ ने कहा, ‘मैं मांग करता हूं कि बाकी लोगों को भी जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। अगर यह लव जिहाद नहीं है तो क्या है? उन्होंने कहा, ”इस तरह की घटनाएं होती रही हैं। मैं विभिन्न मामले देख रहा हूं और उनकी क्रूरता बढ़ती जा रही है। युवा क्यों भटक रहे हैं? हालात ऐसे बिंदू पर आ गए हैं, जहां मैं यह कहने में संकोच नहीं कर सकता क्योंकि मैं बेटी को खोने का दर्द जानता हूं। मैंने अब विभिन्न मामलों में देखा है कि माता-पिता अपने बच्चों को खो रहे हैं। मुझे लगता है कि यह ‘लव जिहाद’ बहुत फैल रहा है। लव जिहाद के लिए वे अच्छे परिवारों की लड़कियों को निशाना बनाते हैं। उनका जल्द से जल्द एनकाउंटर किया जाना चाहिए या फांसी दी जानी चाहिए।”
लड़की के पिता ने यहां तक कहा कि वारदात से पहले हमने फैयाज से बात की थी। उसे हमने समझाया था कि हम तुम्हें शादी करने की अनुमति नहीं दे सकते।

प्रपोजल ठुकराने से नाराज था आरोपी
पुलिस ने 18 अप्रेल को बताया था कि नेहा और फैयाज एक दूसरे को पहले से जानते थे। दोनों BCA के दौरान क्लासमेट थे। नेहा ने उसका प्रपोजल ठुकरा दिया था, जिसके कारण फैयाज ने घटना को अंजाम दिया।
हुब्बली-धारवाड़ की पुलिस कमिश्नर रेणुका एस सुकेमार ने कहा कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई थी। इसके एक घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था। हमने सारी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली हैं। आरोपी को ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया गया है।

फैयाज ने पहले बात की, फिर चाकू से हमला किया
पुलिस के मुताबिक, घटना 18 अप्रेल की शाम 5 बजे की है। सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि नेहा कॉलेज केम्पस से बाहर जा रही थी। इसी दौरान फैयाज उसके सामने आ गया। दोनों के बीच पहले कुछ बातचीत हुई, इसके बाद फैयाज ने नेहा पर चाकू से हमला कर दिया।
पहली बार चाकू लगते ही नेहा जमीन पर गिर गई। फिर फैयाज ने उस पर एक के बाद एक छह बार चाकू से वार किए। हमले के बाद फैयाज ने भागने की कोशिश की, लेकिन कुछ छात्रों ने उसका पीछा किया और पकड़ लिया।
कॉलेज के स्टाफ और दूसरे स्टूडेंट्स नेहा को अस्पताल ले गए, हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। फैयाज ने पूछताछ के दौरान बताया कि नेहा उसके साथ रिलेशनशिप में थी। कुछ दिनों से अचानक वह उससे दूर रहने लगी थी, इसलिए उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
नेहा के पिता बोले-इन चीजों से दूर रहती थी बेटी
मृतक के पिता ने बताया, ‘जब मेरी बेटी कॉलेज से लौट रही थी तो फैयाज ने उस पर 7 वार किए। इससे मेरी बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी ने मेरी बेटी को प्रपोज किया था, लेकिन उसने उसका प्रपोजल ठुकरा दिया। वह उसे पसंद नहीं करती थी। इन चीजों से दूर ही रहती थी। इस घटना से पहले ही हमने आरोपी से बात की थी और उसे बताया था कि वह मुस्लिम है और हम हिन्दू हैं, इसलिए हम इस शादी की इजाजत नहीं दे सकते।

छात्रा की हत्या पर बीजेपी कांग्रेस में वॉकयुद्ध
मृतक लड़की के पिता और कांग्रेस नेता निरंजन हिरेमथ की टिप्पणी ऐसे समय आई है जब भाजपा और सत्तारूढ़ कांग्रेस के बीच इस हत्या पर वाकयुद्ध चल रहा है। बीजेपी ने मामले में लव जिहाद का आरोप लगाते हुए दावा किया कि यह घटना राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था को दर्शाती है। वहीं कांग्रेस सरकार ने इस घटना में किसी भी साम्प्रदायिक कोण से इनकार किया है। कर्नाटक कांग्रेस के नेता जी परमेश्वर ने दावा किया कि नेहा और फैयाज के रिश्ते में खटास आने से पहले वे रिश्ते में थे।
अपनी पार्टी कांग्रेस के दावे से विपरीत बोले पिता
वहीं नेहा के पिता निरंजन हिरेमथ ने अपनी पार्टी के विपरीत बोलते हुए फैयाज की ओर से कोई जमानत याचिका दायर नहीं किए जाने और उसे किसी भी तरह से कोई मदद नहीं दी जाने की मांग की है। उन्होंने आरोपी को फांसी की सजा दिए जाने की मांग की है।
हिरेमथ ने कहा, “मैं अदालत, बार एसोसिएशन और पुलिस से लव जिहाद के मामलों में सख्त कार्रवाई करने और अपराधियों को दंडित करने की मांग करता हूं। चार में से अब तक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। मैं मांग करता हूं कि बाकी लोगों को भी जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। अगर यह लव जिहाद नहीं है तो क्या है? लव जिहाद के लिए वे अच्छे परिवारों की लड़कियों को निशाना बनाते हैं। उनका जल्द से जल्द एनकाउंटर किया जाना चाहिए या फांसी दी जानी चाहिए।”

हत्या को सही ठहराने वाले गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर लिखा था-जस्टिस फॉर लव
हुबली में हुई नेहा की हत्या को सही ठहराने वाले दो लोगों को शनिवार को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर दावा किया था कि नेहा और फैयाज रिश्ते में थे। दोनों की तस्वीरें पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा था- ‘नेहा-फैयाज ट्रू लव, जस्टिस फॉर लव’। दोनों आरोपियों के खिलाफ कुछ हिन्दूवादी लोगों ने शिकायत दर्ज करवाई थी।
आरोपी की मां की यह प्रतिक्रिया आई
उधर, आरोपी फैयाज खोंडुनाईक की मां ने पीड़ित परिवार और राज्य के लोगों से माफी मांगी है। पेशे से टीचर आरोपी की मां ममताज ने कहा कि नेहा के साथ बहुत बड़ा अन्याय हुआ है। वह अच्छी लड़की थी। उन्होंने आगे कहा कि मेरे बेटे ने जो किया, उससे हमारा सिर शर्म से झुक गया है। उसने बहुत बड़ी गलती की है। उसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। हालांकि, ममताज ने लव-जिहाद के दावों से इनकार किया।
ममताज ने कहा- फैयाज और नेहा एक दूसरे से प्यार करते थे। मुझे एक साल पहले दोनों के रिश्ते के बारे में पता चला था। दोनों शादी करना चाहते थे। मेरे बेटे ने मुझे नेहा के बारे में बताया था। तब मैंने पहले उसे अपने करियर पर ध्यान देने को कहा था।
