April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

लड़की से हैवानियत कर उसके जख्मों पर मिर्च, होंठों और आंखों में फेवीक्विक लगाने के आरोपी का घर ढहाया, मां बोली-अयान को फांसी हो

लड़की से हैवानियत कर उसके जख्मों पर मिर्च, होंठों और आंखों में फेवीक्विक लगाने के आरोपी का घर ढहाया, मां बोली-अयान को फांसी हो

एनसीआई@गुना (मध्यप्रदेश)

गुना में हिन्दू युवती के साथ दरिंदगी करने के आरोपी अयान पठान का घर प्रशासन ने रविवार सुबह बुलडोजर से गिरा दिया। प्रशासन और पुलिस की टीम ने नानाखेड़ी इलाके में पहुंचकर यह कार्रवाई की। इससे पहले शुक्रवार को टीम ने मौके पर जाकर मकान की जांच की थी। इसे सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर बना हुआ पाया था। 16 अप्रेल को यह मामला सामने आया था।

अयान पठान
अयान पठान

हैवानियत की शिकार हुई युवती की एक आंख की रोशनी चली गई है। दूसरी आंख से भी धुंधला दिखाई दे रहा है। शनिवार शाम को उसे ऑपरेशन के लिए गुना जिला अस्पताल से ग्वालियर रेफर कर दिया गया। इससे पहले सुबह युवती के न्यायालय में बयान दर्ज कराए गए।

पुलिस को दिए बयान में पीड़िता ने कहा था, ‘घर के पास रहने वाले अयान पठान ने एक महीने तक बंधक बनाकर यातनाएं दीं। शारीरिक शोषण के साथ 18 अप्रेल की रात जख्मों पर मिर्च पाउडर और होंठ पर फेवीक्विक भर दी थी, जिससे मैं चिल्ला न सकूं। वह हमारा मकान अपने नाम कराना चाहता है।’

युवती ने बताया कि आरोपी अयान ने चार-पांच दिन पहले मारपीट करते हुए उसकी आंख पर झाड़ू के पीछे वाले हिस्से से हमला किया था, जिससे काफी चोट लग गई। इसके बाद उसी आंख में दोबारा पत्थर से मारा।’ युवती की मां ने कहा कि आरोपी को फांसी की सजा हो।

एक आंख का लेंस टूटा

नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिलाष सिंह राजपूत ने बताया, ‘ पीड़ित युवती की एक आंख का लेंस टूट गया है। इसके पीछे वाले पर्दे में क्या स्थिति है और क्या-क्या चोट है, अल्ट्रासाउंड कराने के बाद ही पता चलेगा। रोशनी लौटेगी या नहीं, यह तो पूरी जांच होने के बाद ही कहा जा सकता है।’

वहीं, एसडीएम रवि मालवीय ने बताया कि आरोपी का मकान 15×25 वर्ग फीट जमीन पर बना हुआ था। उस पर कार्रवाई से पहले नोटिस भी दिया गया था। इसका कोई जवाब नहीं मिला। एएसपी मानसिंह ठाकुर ने बताया कि एक कमरे के पूरे मकान को तोड़ा गया है। आरोपी जेल में है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा।

आरोपी का मकान ढहाए जाने के दौरान मौके पर तैनात रहा पुलिस बल।
आरोपी का मकान ढहाए जाने के दौरान मौके पर तैनात रहा पुलिस बल।

मां ने कहा-एक-एक जख्म का हिसाब चाहिए

‘चार दिन बीत गए, मगर बेटी के जख्म अब तक नहीं भरे हैं । कुछ खाना-पीना तो दूर, वह ठीक से लेट तक नहीं पा रही है। नींद में जाग जाती है। दवाओं से धीरे-धीरे शरीर के जख्म तो भर रहे हैं, मगर हमारी जिंदगी का यह जख्म कौन भरेगा? उसे एक आंख से दिखना बंद हो गया है, दूसरी से भी कम ही देख पा रही है। डॉक्टर ने कहा था कि आंख की रोशनी लौटने की 10 प्रतिशत उम्मीद है। मैंने अपनी बेटी को बड़ी हसरत से पाला था। अब उसके एक-एक जख्म का बदला चाहिए। अयान को फांसी होनी चाहिए।’

सिंधिया ने कहा था- सख्त सजा हो

केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने X एकाउंट पर इस मसले पर लिखा, ‘गुना की बेटी के साथ बर्बरता का समाचार विचलित कर देने वाला है। अपराधी को सख्त से सख्त सजा मिले, ताकि कोई हैवान हमारी बहन-बेटियों के सम्मान से खिलवाड़ न कर सके।’

यह था मामला

आरोपी अयान पठान और पीड़ित युवती पड़ोसी हैं। इससे दोनों में अच्छी खासी निकटता हो गई। इसके बाद अयान लड़की पर उससे शादी करने और उसका मकान और अन्य प्रॉपर्टी उसके नाम करने के लिए दबाव डालने लगा। लड़की के पिता की करीब दस साल पहले केंसर से मौत हो गई थी। इसलिए ये मां-बेटी अयान से काफी डरी हुई रहती थीं। इस बीच अयान पठान ने जब लड़की पर उससे शादी करने और मकान आदि उसके नाम करने का दबाव डाला तो लड़की ‌की मां ने कह दिया कि वह तो इस मकान को पहले ही किसी को बेच चुकी हैं। इससे बुरी तरह गुस्साए अयान ने लड़की को बंधक बना कर उसे बेल्ट और जूतों से बुरी तरह पीटा। यही नहीं उसके जख्मों और गुप्तांग में मिर्च पाउडर डालकर दिया। लड़की दर्द से चीख न सके इसके लिए अयान पठान ने उसके होंठों के साथ आंखों पर भी फेविक्विक और मिर्च पाउडर भर दिया था। बाद में उसकी मां के सहयोग से लड़की वहां से किसी तरह बचकर निकल सकी और पुलिस के पास पहुंची।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.