खनन-पुलिस टीम पर हमला करने वालों का निकाला जुलूस, कार्रवाई करने गई संयुक्त टीम पर पत्थरों से कर दिया था हमला, 4 कर्मचारी हुए थे घायल और गाड़ी हुई क्षतिग्रस्त
एनसीआई@ब्यावर
जिले के रायपुर गांव में नानणा नदी क्षेत्र में जारी अवैध खनन के मामले में कार्रवाई करने गई खनन और पुलिस की संयुक्त टीम पर हमला करने वाले बदमाशों का आज शनिवार को ब्यावर शहर में पैदल जुलूस निकाला गया। इस दौरान लोग इन आरोपियों को कौतूहल भरी निगाहों से देखते रहे।
इन आरोपियों ने कल शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे घात लगाकर टीम पर हमला कर दिया था। इसमें पटवारी व हेड कॉन्स्टेबल सहित 4 कर्मचारी घायल हो गए थे। यह टीम मौके पर कार्रवाई करने के लिए चार गाड़ियों में गई थी। पत्थरों से हुए हमले में इनमें से एक गाड़ी को काफी नुकसान हुआ है। घायल कर्मचारियों का इलाज जारी है।

जब्त जेसीबी लेकर लौट रही थी टीम
टीम ने नदी एरिया में पहुंचते ही बजरी से भरी एक ट्रेक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया था। मगर दो आरोपी ट्रेक्टर-ट्रॉली और जेसीबी को ले भागे थे। इसके कुछ देर बाद टीम ने वापस सेंदड़ा थाना पुलिस के साथ कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी को जब्त कर लिया। टीम जेसीबी को लेकर लौट रही थी कि पहाड़ी की आड़ में घात लगाकर छिपे हुए आरोपियों ने इस पर पत्थरों से हमला कर दिया।

आरोपियों को सुबह किया गया था गिरफ्तार
सेंदड़ा थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद ने बताया- कार्रवाई करने गई टीम पर हमला करने के 4 आरोपियों को सुबह गिरफ्तार कर लिया गया था। इसके बाद ब्यावर शहर में इनका पैदल जुलूस निकालते हुए कोर्ट ले जाया गया। वहां से इन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर सौंप दिया गया।
बाकी आरोपियों की तलाश जारी
अवैध खनन रोकने गई टीम पर हमला करने वालों में 12 से अधिक आरोपी शामिल थे। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। ब्यावर शहर में आरोपियों का जुलूस निकाला गया। रिमांड पर लिए गए दोनों आरोपियों से इनके फरार साथियों के ठिकानों के बारे में पूछताछ की जाएगी।

5 थानों की पुलिस कर रही फरार आरोपियों की तलाश
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कप्तान काठात (20) पुत्र हरजी काठात, उस्मान काठात (23) पुत्र हरजी काठात, कमल सिंह रावत (22) पुत्र मदन सिंह व दीवान सिंह (22) पुत्र लक्ष्मण सिंह रावत शामिल हैं। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जैतारण डीएसपी के नेतृत्व में 5 थानों रास, रायपुर, बर, सेंदड़ा व जैतारण पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर कार्रवाई जारी है।
