April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा, टर्मिनल वन की छत गिरी, जाने कितनों की मौत हुई और कितने घायल

दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा, टर्मिनल वन की छत गिरी, जाने कितनों की मौत हुई और कितने घायल

इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट के टर्मिनल वन पर यह खौफनाक हादसा शुक्रवार सुबह करीब 5.30 बजे हुआ, गाड़ियों के अंदर दब गए लोग

एनसीआई@नई दिल्ली

आज शुक्रवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI Airport) के टर्मिनल-1 पर एक बड़ा हादसा हो गया। तेज बारिश के बाद टर्मिनल की छत नीचे खड़ी गाड़ियों पर आ गिरी, जिससे कुछ लोग दब गए। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली फायर सर्विस (DFS) की टीम मौके पर जरूरी कार्रवाई कर रही है। इस टर्मिनल से दोपहर 2 बजे तक फ्लाइट पर रोक लगा दी गई है।

एक की मौत पांच घायल

इस हादसे में अब तक एक व्यक्ति की मौत और 5 लोगों के घायल होने की सूचना है। हादसे की सूचना मिलते ही राहत और बचाव के लिए दमकल विभाग के चार फायर टेंडर एयरपोर्ट के लिए रवाना कर दिए गए थे। सहयोग यह रहा कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय यात्रियों का आना शुरू ही हुआ था, अन्यथा यह और बड़ा हादसा हो सकता था।

कैसे हुआ हादसा?

अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक हादसे की वजह बारिश के कारण छत की शीट का नीचे गिरना बताया जा रहा है। छत की शीट के एक हिस्से के साथ उन्हें सपोर्ट देने वाले लोहे के कुछ बीम भी नीचे आ गिरे। ये मलबा टर्मिनल में खड़ी कारों सहित टेक्सियों पर गिर गया। इसके चलते उनमें बैठे कुछ लोग फंस गए। अधिकारियों ने बताया कि छत की शीट के अलावा सपोर्ट बीम भी गिर गए, जिससे टर्मिनल के पिक-अप और ड्रॉप क्षेत्र में खड़ी कारों को नुकसान पहुंचा।

दिल्ली एयरपोर्ट अथॉरिटी के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, “आज सुबह से हो रही भारी बारिश के कारण दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 के पुराने प्रस्थान प्रांगण में छत का एक हिस्सा सुबह करीब पांच बजे गिर गया। कुछ लोगों के घायल होने की खबर है और आपातकालीन कर्मी प्रभावित लोगों को सभी आवश्यक सहायता और चिकित्सा सहायता प्रदान करने के लिए काम कर रहे हैं।”

घायलों को बचाने का काम जारी

प्रवक्ता ने बताया कि घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छह लोगों में से एक को उस कार से बचाया गया, जिस पर लोहे की बीम गिरी हुई थी।‌ सुबह करीब साढ़े पांच बजे डीएफएस को घटना की सूचना मिलने के बाद तीन दमकल गाड़ियों को हवाई अड्डे पर भेजा गया।

उड्डयन मंत्री कर रहे निगरानी

नागरिक उड्डयन मंत्री के राममोहन नायडू ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा, “मैं व्यक्तिगत रूप से दिल्ली एयरपोर्ट के टी 1 पर छत गिरने की घटना पर नजर रख रहा हूं। घटनास्थल पर बचाव दल काम कर रहा है। साथ ही एयर लाइंस को टी 1 पर सभी प्रभावित यात्रियों की सहायता करने की सलाह दी है। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। बचाव अभियान अभी भी जारी है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.