April 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान कांग्रेस के प्रवक्ता मनीष मेवाड़ा को गुजरात पुलिस ने किया गिरफ्तार, डेढ़ करोड़ रुपए के ट्रांजेक्शन से जुड़ा है मामला

राजस्थान कांग्रेस के प्रवक्ता मनीष मेवाड़ा को गुजरात पुलिस ने किया गिरफ्तार, डेढ़ करोड़ रुपए के ट्रांजेक्शन से जुड़ा है मामला

एनसीआई@जयपुर/बूंदी

बूंदी निवासी राजस्थान कांग्रेस के प्रवक्ता एवं युवा नेता मनीष मेवाड़ा को गुजरात पुलिस गुरुवार को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। इसका कारण मनीष मेवाड़ा पर डेढ़ करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का मामला बताया गया है। आरोप के अनुसार उनके खाते से डेढ़ करोड़ रुपए की राशि की धोखाधड़ी की गई है। गुजरात पुलिस ने एक के बाद एक हुए बड़ी राशि के ट्रांजेक्शन के मामले में तहकीकात की तो यह ट्रांजेक्शन मनीष मेवाड़ा के अकाउंट में पाया गया। दूसरी ओर, इससे पहले तक मनीष के ऊपर कोई भी ऐसा आरोप नहीं लगा है। इसलिए जिसने भी यह खबर सुनी, वह हैरान रह गया।

इधर, मामले की पूरी जांच करने के बाद गुजरात पुलिस राजस्थान के बूंदी पहुंची। यहां कोतवाली पुलिस की मदद से मनीष मेवाड़ा के देवपुरा स्थित घर पहुंची और उन्हें गिरफ्तार कर कोतवाली थाने ले आई। यहां हुई पूछताछ के बाद पुलिस उन्हें गुजरात लेकर रवाना हो गई।

परिजन और समर्थक पहुंच गए कोतवाली

मनीष मेवाड़ा की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही उनके परिजन व समर्थक कोतवाली थाने पर पहुंच गए। यहां उन्होंने गुजरात पुलिस के समक्ष मनीष के समर्थन में कई आर्गुमेंट दिए, लेकिन पुलिस ने उनकी कोई बात नहीं सुनी।

बूंदी पुलिस ने यह दी जानकारी

इधर, बूंदी पुलिस के अनुसार गुजरात के मेहसाणा निवासी रमणी शंकर पटेल ने उसके साथ डेढ़ करोड़ रुपए की धोखाधड़ी होने की शिकायत वहां की पुलिस को दी थी। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि वह राशि बूंदी निवासी कांग्रेस नेता मनीष मेवाड़ा के अकाउंट में ट्रांसफर हुई थी। फिर इस राशि को 6 महीने के भीतर मनीष मेवाड़ा के अकाउंट से विड्रॉ भी किया गया।

मनीष मेवाड़ा का यह है कहना

इस मसले पर मनीष मेवाड़ा की सफाई सामने आई है कि उनका करंट अकाउंट एक इंश्योरेंस कम्पनी के कर्मचारी को दिया हुआ था। वह हर महीने उन्हें 50 हजार रुपए देता था। जब अचानक से डेढ़ करोड़ रुपए की एंट्री का मैसेज उनके मोबाइल पर प्राप्त हुआ तो उन्होंने तुरंत बैंक में जाकर अकाउंट को फ्रीज करवा दिया था।‌ उन्होंने डेढ़ करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की बात को गलत बताया है।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के युवा नेता मनीष मेवाड़ा पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के ओएसडी रहे लोकेश शर्मा की टीम से भी जुड़े रहे थे। वर्तमान में पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.