शादी के कुछ घंटे बाद ही दुल्हन ने 7 वीं मंजिल से छलांग लगाकर जान दे दी, बहन का आरोप-फेरों में दूल्हे ने किया था झगड़ा
एनसीआई@अजमेर
शहर की बीके कौल नगर स्थित गोकुलधाम अपार्टमेंट की 7 वीं मंजिल से छलांग लगाकर सोमवार अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे एक नवविवाहिता ने आत्महत्या कर ली। इस युवती का तड़के 4 बजे ही फेरों के साथ विवाह सम्पन्न हुआ था। इसके बाद वह अपने पति के साथ 7 बजे ही घर पहुंची थी।
क्रिश्चियन गंज थाना प्रभारी अरविंद चारण ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि, आत्महत्या करने वाली युवती कोमल शर्मा (32) पत्नी रौनक बंसल थी। कोमल जयपुर की रहने वाली थी। उसकी बीके कौल नगर गोकुलधाम अपार्टमेंट के फ्लेट नम्बर-602 निवासी रौनक बंसल से कुछ घंटे पहले ही शादी संपन्न हुई थी। यह विवाह समारोह रविवार, 7 जुलाई से शुरू हुआ था। कोमल और रौनक की यह इंटर कास्ट अरेंज मैरिज थी। रौनक का साड़ियों का बिजनेस है।

पुलिस ने बताया सोमवार सुबह 4 बजे फेरे हुए थे। सुबह 7 बजे दूल्हा-दुल्हन घर पहुंचे थे। इसके बाद घर में दुल्हन के आने पर रस्में चल रहीं थीं। इस दौरान दुल्हन कोमल को घबराहट हुई। वह अपने पति रौनक के साथ छत पर चली गई। वह पति से बोली कि बैठने के लिए एक कुर्सी ले आओ। इस पर पति छत पर दूसरी तरफ रखी कुर्सी लेने गया। इसी दौरान उसने नीचे छलांग दी। इस पर पति दौड़़ता हुआ नीचे भागा और परिवार के साथ कोमल को लेकर हॉस्पिटल पहुंचा। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जयपुर से अजमेर पहुंचे पीहर पक्ष के लोग
कोमल का पीहर जयपुर के वैशाली नगर में था। इस हादसे की जानकारी मिलने पर उसके परिजन अजमेर पहुंचे। इसके घरवालों का प्रॉपर्टी का कारोबार है। इधर, कोमल के ससुराल में आज शाम को भी एक समारोह आयोजित किया जाना था। इसमें रिश्तेदारों सहित अन्य मेहमान शामिल होने वाले थे।
दुल्हन की बहन बोली- लड़का झूठा है
इधर, मृतक कोमल की बहन सोनाली ने आरोप लगाया कि रौनक झूठा है। वह शराब पीता है और गुटखा भी खाता है। लड़का सही नहीं लग रहा। लड़के से पूछा था तो कहा था कि केवल पार्टी में ही पीता हूं। गुटखा तो कब का छोड़ दिया। मगर उसने फेरों के दौरान नशे में लड़ाई की थी। मेरी बहन बहुत स्ट्रांग थी। हमारी शादी उसने की है। हम तीनों भाई-बहनों काे उसने पाला था। वह आत्महत्या नहीं कर सकती।

सोनाली ने बताया कि उसकी दीदी कोमल ने एमकॉम किया हुआ था और वह टीचर थी। 50 हजार रुपए महीना कमाती थीं। उसने मम्मी-पापा को भी सपोर्ट किया है। वो कभी आत्महत्या नहीं कर सकती।
लड़के को कई बार कॉल किया, नहीं उठाया
कोमल के पिता दीपक शर्मा ने कहा- मुझे डाउट हो रहा है। इनकी छत पर आपस में कोई न कोई बात हुई थी। रौनक ने शराब पी रखी थी। गुस्से में उसने कोई बात बोली है। घटना की सूचना मिलने के बाद जयपुर से अजमेर आते हुए रौनक और उसके माता-पिता को कई बार कॉल किए, लेकिन उन्होंने जवाब नहीं नहीं दिया। अपराह्न 3 बजे करीब मेरी पत्नी के पास रौनक की मां का कॉल आया कि अजमेर आ जाओ। मेरी बच्ची बहुत स्ट्रांग थी। शादी से पहले पता होता तो मेरी बेटी खुद मना कर देती। पूरे परिवार को उसी ने संभाल रखा था।
लिफाफे बनाते-बनाते परेशान हो गया था
कोमल के पिता ने बताया-शादी में ससुराल वालों के लिफाफे बनाते-बनाते परेशान हो गया था। दामाद का 11 हजार का बनाना है, उसका 51 हजार का बनाना है। ऐसे करते-करते करीब 40 से 50 लिफाफे बनाए थे। शादी से कुछ दिन पहले ही एक वीडियो देखकर बेटी को बोला था कि ये शराब पीता है। बेटी को भी बताया था, पर सब कुछ भगवान पर छोड़ दिया था।

हंसी-खुशी बेटी विदा होकर गई थी
कोमल के पिता दीपक शर्मा ने बताया, बेटी हंसी-खुशी विदा होकर गई थी। ससुराल वालों ने कहा था कि हम अभी नहीं भेजेंगे, 14 तारीख को ही भेजेंगे। गणेश जी के ब्राह्मण 14 जुलाई को ही करना। 10 जुलाई को हमारे यहां है। वो अड़ गए कि 14 जुलाई को ही भेजेंगे और उसी दिन दोनों जाएंगे और वापस आ जाएंगे। मेरे पुराने जानकार ने रिश्ता बताया था। उन्होंने कहा था कि मेरी बुआ का लड़का है। अच्छा परिवार है। उनकी एक लड़की की शादी हो चुकी है। घर में लड़का और उसके माता-पिता ही है। शर्मा का आरोप है कि बेटी को धक्का देकर गिराया गया है। उन्होंने कहा- जब तक हमें न्याय नहीं मिलेगा, बेटी का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएग
गायब पति रात को थाने पहुंचा
इस घटना की जानकारी मिलने पर अजमेर उत्तर डीएसपी रुद्रप्रकाश शर्मा हॉस्पिटल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर सबूत जुटाए। उधर घटना के बाद से ही आती रौनक फरार था। पुलिस ने उसके परिजनों से उसे फोन कर बुलाने को कहा, मगर वह नहीं आया। अभी कुछ देर पहले रात 8 बजे बाद रौनक क्रिश्चियन गंज थाने पहुंचा। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
