इंजीनियरिंग स्टूडेंट ने कोटा बैराज में लगाई छलांग, हालत बेहद गम्भीर
एनसीआई@कोटा
राजस्थान टेक्निकल यूनिवर्सिटी (RTU) के एक छात्र ने शनिवार शाम करीब सौ फीट की ऊंचाई से बैराज में आत्महत्या करने के इरादे से छलांग लगा दी। रेस्क्यू टीम ने करीब आधे घंटे की भारी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। उसे गम्भीर चोटें आई हैं। हालत बेहद गम्भीर है। एमबीएस अस्पताल में इलाज जारी है। इस इंजीनियरिंग छात्र प्रियांशु वर्मा के हाथ-पैर टूट गए हैं। मुंह पर भी गम्भीर चोटें हैं।

सीआई अरविंद भारद्वाज ने बताया कि इस युवक की पहचान उसकी जेब में मिले RTU के आइडेंटिटी कार्ड से हुई। वह बीटेक सेकंड ईयर का स्टूडेंट है। उसके आत्महत्या का प्रयास करने के कारणों की जांच की जा रही है।
यह था घटनाक्रम
निगम की रेस्क्यू टीम के चंगेज खान के अनुसार, लोगों ने इस युवक को बैराज की पुरानी पुलिया से बैराज के गेट नम्बर 19 के पास गिरा हुआ देखा था। इस पर पुलिस और निगम की रेस्क्यू टीम को जानकारी दी गई। रेस्क्यू टीम के कुछ लोग नीचे उतरे। युवक ने 100 फीट ऊंचाई से छलांग लगाई थी। जिस जगह वह गिरा, वहां जाने का रास्ता नहीं था। वह पत्थरों पर गिरा था। सेफ्टी वॉल के सहारे युवक तक पहुंचने में आधा घंटा लग गया। फिर उसे रस्सी के सहारे ऊपर खींचा। तब उसकी सांस चल रही थी।
