डेटा खपत में रिलायंस जियो बना दुनिया का नम्बर वन नेटवर्क, चीनी कम्पनियों से भी आगे निकला
• डेटा खपत जून तिमाही में 4400 करोड़ जीबी से अधिक रही
• करीब 33 फीसदी से ज्यादा बढ़ी डेटा की खपत
• हर ग्राहक औसतन 1 जीबी प्रतिदिन कर रहा इस्तेमाल
एनसीआई@नई दिल्ली
रिलायंस जियो ने डेटा खपत के मामले में दुनिया की नम्बर वन कम्पनी बनने का खिताब हासिल कर लिया है। जून तिमाही में जियो नेटवर्क पर डेटा खपत 44 एक्साबाइट (4400 करोड़ जीबी) तक पहुंच गया। यह पिछले साल के मुकाबले 33 फीसदी ज्यादा है। हर ग्राहक औसतन 1 जीबी प्रतिदिन डेटा का उपयोग कर रहा है।
तिमाही नतीजों पर रिलायंस जियो इन्फोकॉम के चेयरमैन आकाश एम अम्बानी ने कहा, “गुणवत्तापूर्ण उच्च कवरेज वाला, किफायती इंटरनेट डिजिटल इंडिया की रीढ़ है और जियो को इसमें योगदान देने पर गर्व है। हमारे नए प्रीपेड प्लान, 5 जी और एआई के क्षेत्र में इनोवेशन और सतत विकास को बढ़ावा देंगे। ‘कस्टमर फर्स्ट’ दृष्टिकोण के साथ, अपने बेहतर नेटवर्क और नए सेवा प्रस्तावों के दम पर जियो अपनी मार्केट लीडरशिप को और मजबूत करेगा।”
कुल 49 करोड़ ग्राहक
कम्पनी के पास 49 करोड़ ग्राहक हैं, जिनमें से 4 करोड़ पिछले साल जुड़े हैं। जियो ने फिक्स्ड वायरलेस के क्षेत्र में भी 10 लाख से अधिक घरों और परिसरों को एयर फाइबर से जोड़कर कीर्तिमान स्थापित किया है। वॉयस कॉलिंग में भी जियो ने तिमाही में 1.42 ट्रिलियन मिनट का रिकॉर्ड बनाया। यह 6 प्रतिशत की बढ़ोतरी है।
