11 केवी की लाइन गिरी, करंट से दो भाइयों की मौत, तीसरे की हालत गम्भीर, अस्पताल में भर्ती
एनसीआई@बीकानेर
श्रीडूंगरगढ़ के बींझासर गांव में आज सोमवार शाम आंधी-बारिश से 11 केवी की लाइन टूट गई। इसके करंट की चपेट में आने से 2 भाइयों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गम्भीर घायल है। उसका अस्पताल में इलाज जारी है।
एएसपी प्यारेलाल शिवरान ने बताया, यह हादसा बींझासर रोही गांव में किसान खींयासर भूकर के खेत में ट्यूबवैल पर हुआ। शाम 4 बजे करीब अचानक तेज हवा के साथ बारिश होने लगी। उस समय खेत पर खारड़ा गांव निवासी आसुराम जाट (25) और उसका फुफेरा भाई कुचौर अगुणी गांव निवासी मनोज जाट (25) मौजूद थे।
ऐसे हुआ हादसा
ये दोनों भाई खेळ में लाइन बदल रहे थे। उस दौरान खेत के ऊपर से गुजर रही 11 केवी की लाइन टूटकर ट्रांसफार्मर की जाली पर गिर गई। इस पर आसुराम और मनोज स्विच रूम की ओर बढ़े। वहां पहले से आसुराम का भाई पूरबाराम जाट मौजूद था।
ग्रामीणों का कहना है कि, सबसे पहले स्विच रूम में मौजूद पूरबाराम को करंट लगा। इसके बाद आसुराम ने स्विच रूम के दरवाजे को जैसे ही छुआ, वह भी करंट की चपेट में आ गया। उसे छुड़ाने आए मनोज को भी करंट लग गया। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पूरबाराम घायल हो गया। उसे परिजन पीबीएम हॉस्पिटल ले गए, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस को सूचना नहीं दी, पोस्टमार्टम भी नहीं हुआ
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। दो युवा किसानों की मौत पर हर किसी की आंख नम थीं। ये दोनों विवाहित थे।मनोज का शव कुचौर अगुणी गांव ले जाया गया। वहीं आसुराम के शव को परिजन खारड़ा गांव ले गए। इनके परिजनों ने पुलिस में मामला दर्ज नहीं कराया। न ही शवों का पोस्टमॉर्टम करवाया। गमगीन माहौल में दोनों का अंतिम संस्कार किया गया।
श्रीडूंगरगढ़ पुलिस का भी कहना है कि घटना के बाद पुलिस को सूचना नहीं दी गई, न ही शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया।
