जलदाय विभाग के ऑफिस में रखी टंकी लीक, क्लोरीन गैस मोहल्ले में फैली, मची अफरा-तफरी, कुछ लोग हो गए बेहोश
एनसीआई@चूरू
जलदाय विभाग के ऑफिस में पानी को साफ रखने के लिए मिलाई जाने वाली क्लोरिन गैस की टंकी में सोमवार शाम अचानक लीकेज हो गया। इससे गैस के हवा में फैल जाने से ऑफिस के पास के मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। लोगों की आंखों में जलन होने लगी।तीन-चार लोगों को बेहोशी की हालत में सरकारी डीबी अस्पताल ले जाया गया। जहां उनकी हालत सामान्य हो गई।

जलदाय विभाग के एक्सईएन प्रेमकुमार ने बताया कि पहले पानी में मिलाने के लिए क्लोरिन गैस काम आती थी। उसे अब बंद कर दिया गया है। विभाग के स्टोर में इसका एक खाली सिलेंडर रखा हुआ था। इसमें थोड़ी गैस बची हुई थी। शाम करीब साढ़े चार बजे बारिश के समय सिलेंडर में से गैस लीक हो गई। इससे यह घटना हुई।
अस्पताल में जलदाय विभाग के पास के निवासी प्रदीप ने बताया- गैस हवा में फैलने से घरों में इसकी बदबू भर गई थी। यह बदबू काफी तेज थी। यही नहीं इससे लोगों की आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ होने लगी। इसके चलते तीन-चार लोग बेहोश भी हो गए थे।

उन्हें तुरंत निजी वाहन से डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में ले जाया गया। इनमें वार्ड 35 की निवासी गीता देवी (36), किरण (37), मुकेश (14), लक्ष्मी (32) और कांता (34) शामिल हैं। अस्पताल में डॉक्टर व नर्सिंग स्टाफ ने इनका इलाज किया। जिससे इनकी तबीयत सामान्य हो गई।
