मदन राठौड़ बने राजस्थान बीजेपी के नए अध्यक्ष, सीपी जोशी की जगह लेंगे
राधा मोहन दास को राजस्थान का प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं, महिला मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष विजय रहाटकर को राजस्थान का सह प्रभारी बनाया गया है।
एनसीआई@नई दिल्ली/जयपुर
राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ बीजेपी के नए राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष होंगे। वो सीपी जोशी की जगह लेंगे। इसके अलावा राधा मोहन दास राजस्थान के प्रभारी बनाए गए हैं। वहीं, विजय रहाटकर को सह प्रभारी बनाया गया है।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इन नियुक्तियों को हरी झंडी दे दी है। पार्टी की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
मदन राठौड़ दो बार विधायक भी रह चुके हैं। राजस्थान सरकार में मंत्री सुरेश सिंह रावत ने उन्हें बधाई देते हुए कहा, “माननीय राज्यसभा सांसद श्री मदन राठौड़ जी को भारतीय जनता पार्टी, राजस्थान का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। आपके कुशल नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में संगठन विस्तार के साथ जनसेवा के नए आयाम स्थापित करेगी।”
पाली जिले की सुमेरपुर सीट से विधायक रह चुके मदन राठौड़ के पास संगठन का अनुभव है। वो घांची जाति से आते हैं। साल 2013 से 2018 तक वसुंधरा राजे की सरकार में वो उप सचेतक की भूमिका निभा चुके हैं।
इस नियुक्ति पर जयपुर ग्रामीण लोकसभा सीट से सांसद राव राजेंद्र सिंह ने कहा, “संसद (राज्यसभा) में मेरे सहयोगी और पूर्व में राजस्थान विधानसभा में भी मेरे सहयोगी रहे अत्यंत स्नेही वरिष्ठ भाजपा नेता श्री मदन राठौड़ जी को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बनने पर अनंतकोटि बधाई, अशेष शुभकामना…! आपके नेतृत्व में भाजपा सफलता के नए आयाम स्थापित करे ऐसी हार्दिक मंगलकामना करता हूं, सफलतम कार्यकाल की अग्रिम शुभकामना। “
