जयपुर के ‘ग्रेंड उनियारा’ हेरिटेज होटल में सड़े हुए काजू और सब्जियां, फफूंद लगा मटन मिला, सड़ी हुई सब्जियों के कारण फ्रिज में से आ रही थी बदबू , इन्हें ही ग्राहकों को खिलाया जा रहा था
एनसीआई@जयपुर
यहां के जेएलएन मार्ग स्थित हेरिटेज होटल ग्रेंड उनियारा पर गुरुवार को फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट की टीम ने छापा मारा। इस कार्रवाई में होटल की किचन में टीम को फफूंद लगा मटन, एक्सपायरी डेट का मल्टी ग्रेन आटा, सड़े हुए काजू, मंगोड़ी और अन्य खाद्य पदार्थ मिले। इसके साथ ही किचन में सड़े हुए मशरूम, खराब पत्तागोभी सहित अन्य सब्जियां भी मिलीं।

फूड एंड सेफ्टी डिपार्टमेंट के एडिशनल कमिश्नर पंकज ओझा ने बताया- हमें शिकायत मिली थी कि शहर के नामी होटलों में ग्राहकों को खराब क्वालिटी का खाना परोसा जा रहा है। इसे देखते हुए हमने 31 जुलाई को बेलाकासा होटल के बाद गुरुवार को ग्रेंड उनियारा होटल पर छापा मारा। टीम ने होटल के किचन और स्टोर की जांच की। इसमें कई अनियमितताओं के साथ एक्सपायरी डेट के फूड प्रोडक्ट और सड़ी-गली सब्जियां मिलीं।
सड़े हुए थे मशरूम-गोभी, फ्रिज में तेज बदबू

इस निरीक्षण के दौरान जब फ्रिज खोला तो उसमें से तेज बदबू आ रही थी। पत्ता गोभी और मशरूम बिल्कुल सड़ गए थे। काले पड़ चुके थे, जिन्हें कस्टमर को खिलाने की तैयारी की जा रही थी। चावल सहित अन्य पदार्थ जो एक-दो दिन पहले ही बनाकर रख लिए गए थे, उन्हें भी परोसने की तैयारी में थे।
फ्रिज से निकला फफूंद लगा मटन

इसी तरह फ्रिज में रखा मटन काफी दिन पुराना लगा, उस पर फफूंद जमी हुई थी। टीम के सदस्य स्टोर में पहुंचे तो वहां एक्सपायरी डेट के कई फूड प्रोडक्ट के पैकेट बरामद हुए। इनमें मंगोड़ी, काजू, मल्टी ग्रेन आटा, शरबत, सॉस सहित अन्य कई चीजें थीं, जिन्हें मौके पर ही नष्ट करवाया।
नामचीन होटल बेलाकासा में एक ही जगह बनता मिला वेज-नॉनवेज
इससे पहले बुधवार को ऐसे ही एक नामचीन होटल बेलाकासा में भी फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने कार्रवाई की थी। टोंक रोड स्थित इस होटल में वेज और नॉनवेज खाना एक ही जगह पर तैयार होता मिला। इस दौरान यहां पर भी एक्सपायरी डेट का सामान भी मिला था।
उल्लेखनीय है कि राजधानी जयपुर तक के होटलों में साफ-सफाई और खाने के प्रोडक्ट को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। इसी के चलते फूड एंड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने यह कार्रवाई शुरू की है।
