प्राइवेट स्कूल के छात्र को उसके साथी छात्रों ने 3 साल तक किया टॉर्चर, डरा-धमका कर करीब 80 लख रुपए हड़पे, इनसे महंगे मोबाइल-गाड़ियां खरीदीं, 10 से अधिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, 3 आरोपी छात्र हिरासत में
एनसीआई@झुंझुनूं
यहां के एक बड़े प्राइवेट स्कूल के एक छात्र को उसके सहपाठियों के द्वारा डरा-धमकाकर 3 साल में करीब 80 लाख रुपए हड़प लेने का बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रॉपर्टी डीलर के पीड़ित बेटे ने 4 अगस्त को अपने पिता के साथ कोतवाली थाने में इस सम्बन्ध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। बड़ी बात यह है कि इसमें तीन छात्रों के साथ एक शिक्षक भी आरोपी है। इन सहित 7-8 अन्य के लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज कराया गया है।
पुलिस ने 9 अगस्त को तीनों आरोपी छात्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद उन्हें किशोर न्यायालय में पेश कर किशोर सुधार गृह, झुंझुनूं भेज दिया गया है।मामले के जांच अधिकारी एएसआई ओमप्रकाश भाम्बू ने यह जानकारी देते हुए बताया- कोतवाली थाना इलाके में रहने वाले एक प्रॉपर्टी डीलर के 18 वर्षीय बेटे के साथ यह वारदात हुई है।
नवीं कक्षा से ही धमका कर रुपए ऐंठना जारी
रिपोर्ट में पीड़ित छात्र के पिता ने बताया है- मेरा बेटा झुंझुनूं के एक प्राइवेट स्कूल में 12वीं क्लास का छात्र है। जब वह इसी स्कूल में 9 वीं और 10 वीं क्लास में था, तब उसके साथ पढ़ने वाले तीन साथियों और 7-8 अन्य साथियों ने उसे एक बंदूक का फोटो दिखाया और बेटे व परिवार को जान से मार देने की धमकी दी।
इसी के साथ ये लोग स्कूल में ही बेटे को बार-बार पैसे के लिए परेशान करने लगे। इस पर ने बेटे ने इन्हें 40 हजार रुपए लाकर दे दिए। इसके बाद तो आरोपियों का हौंसला और बढ़ गया। ये उसे लगातार पैसों के लिए धमकाने लगे। झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने लगे। इससे बेटा परेशान रहने लगा।
परिवार को मार देने की धमकी से डरा छात्र, पैसे देता रहा
पिता ने बताया-छात्रों के डर से और परिवार को जान से मारने की धमकियों से डरा हुआ बेटा लगातार उन छात्रों को पैसे देता रहा। इस प्रकार करीब तीन साल में बेटे ने आरोपी छात्रों को 70 से 80 लाख रुपए दे दिए। ये लोग अब भी बेटे और परिवार को जान से मारने की धमकी देते रहे हैं। इस मामले में स्कूल का एक शिक्षक भी आरोपी छात्रों के साथ है। परेशान होकर बेटे ने पूरे घटनाक्रम मुझे जानकारी दी। अब वह आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करना चाहता है।
वारदात के समय नाबालिग थे आरोपी
एएसआई ओमप्रकाश भाम्बू ने बताया- छात्र को टॉर्चर कर पैसे हड़पने के मामले में 9 अगस्त को 3 छात्रों को डिटेन कर लिया गया है। हालांकि तीनों वर्तमान में बालिग हैं, लेकिन वारदात के वक्त स्कूल रिकॉर्ड के मुताबिक वे नाबालिग थे, इसलिए उनके खिलाफ किशोर अपराध के नियमानुसार कार्रवाई की गई है। पूछताछ के बाद तीनों को 9 अगस्त को ही किशोर न्यायालय में पेश कर सुधार गृह भेज दिया गया है।
एक छात्र से 1.80 लाख रुपए बरामद
एक छात्र के घर से 1.80 हजार रुपए भी बरामद कर लिए गए हैं। पूछताछ में यह भी सामने आया कि पीड़ित छात्र से मिला पैसा ये छात्र मौज-शौक में उड़ाते थे। इस पैसे से इन्होंने महंगे मोबाइल और वाहन खरीदे थे।
शिकायत में स्कूल के जिस शिक्षक का जिक्र किया गया था, उससे पूछताछ की। इसके बाद पीड़ित छात्र से शिक्षक के बारे में पूछा गया तो उसने इनका इस वारदात में कुछ भी हाथ होने से इनकार कर दिया। अन्य आरोपियों के बारे में जांच की जा रही है।
पिता ने कहा-बेटे को किडनैप करने की कोशिश भी की
पीड़ित छात्र के पिता ने इस बारे में बताया- मेरे बेटे को किडनैप करने की भी कोशिश की गई थी। जिस लड़के से 1.80 लाख रुपए बरामद हुए हैं, उसने 27.50 लाख रुपए लेने की बात कबूल कर ली है।
बेटे से आरोपी छात्र कभी 40 हजार, कभी एक लाख, कभी दो लाख करके अब तक लगभग 80 लाख रुपए हड़प चुके हैं। बेटे ने जब पूरी बात बताई तब हिसाब लगाया तो यह बात सामने आई।
