April 28, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान: विस्फोटक तैयार करने के लिए गंधक-पोटाश पीस रहा था युवक, ब्लास्ट हो जाने से उड़ गए चीथड़े, दीवारों पर हर तरफ खून के छींटे

राजस्थान: विस्फोटक तैयार करने के लिए गंधक-पोटाश पीस रहा था युवक, ब्लास्ट हो जाने से उड़ गए चीथड़े, दीवारों पर हर तरफ खून के छींटे

एनसीआई@भरतपुर

डीग जिले के जुरहरा थाना इलाके में एक 22 वर्षीय युवक अपने घर पर खरल (मसाला कूटने का पत्थर का औजार) में विस्फोटक तैयार कर रहा था। इस दौरान ब्लास्ट हो गया। इससे युवक के चीथड़े उड़ गए। उसकी आंतें और पैर की हड्डी बाहर निकल आई और एक हाथ का पंजा उड़ गया। कमरे के फर्श और दीवारों पर खून के छींटे लगे हुए थे। परिजन युवक को लहूलुहान हालत में बाइक पर जुरहरा हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। दीपावली के अवसर पर हुए इस हादसे से पूरे इलाके में मातम पसर गया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

200 रुपए का गंधक और पोटाश लाया था

मृतक के चाचा केशव ने बताया- उनका भतीजा गौरव (22) पुत्र वीरी सिंह गुरुवार को बाजार से 200 रुपए का गंधक और पोटाश पाउडर खरीदकर लाया था। वह नीचे वाले कमरे में अकेला ही बैठा हुआ था। उसकी पत्नी रजनी ऊपर वाले कमरे में थी। गौरव की ढाई महीने की बेटी भी ऊपर के कमरे में सो रही थी।

गौरव नीचे वाले कमरे में गंधक और पोटाश पीसने लगा। तभी उसके कमरे में तेज धमाके की आवाज आई। कमरे का एक दरवाजा गली की तरफ खुलता है। वहां एक लड़का खड़ा हुआ था। ब्लास्ट की आवाज सुनकर वह दौड़कर कमरे में पहुंचा। कमरे में धुआं भरा होने के कारण उसे कुछ नजर नहीं आया। उस लड़के ने मुझे आवाज दी और कहा- जल्दी यहां आओ, यहां कुछ हुआ है।

केशव ने बताया- मैं कमरे में पहुंचा तो वहां धुएं का गुबार था। गेट पूरी तरह खोलकर धुआं निकाला, तब देखा कि गौरव जमीन पर अचेत पड़ा हुआ था। उसके दाएं हाथ का पंजा गायब था और खून रिस रहा था। उसके पेट की आंतें और दाएं पैर की हड्डी बाहर आ गई थी। आंखों में बारूद भर गया था।

फर्श और दीवारों पर लगे थे खून के छींटे

केशव ने बताया- कमरे के फर्श और दीवारों पर खून के छींटे लगे हुए थे। धमाका ऐसा था कि कमरे में सामान रखने के लिए लगाई पत्थर की पट्टियां तक टूट गईं थीं। ऊपर वाले कमरे से गौरव की पत्नी रजनी दौड़कर आई। उसने कमरे में देखा तो उसकी चीख निकल गई। मैंने गौरव के हाथ पर गमछा बांधा और आनन-फानन में बाइक पर उसे जुरहरा हॉस्पिटल लेकर गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

केशव ने बताया- रात में पशु खेतों में घुसकर फसलें चौपट कर देते हैं। गौरव खेतों में पशुओं की रखवाली करता था, इसलिए गंधक और पोटाश खरीदकर लाता था। वह पूरी सावधानी से काम करता था, लेकिन शायद इस बार उसने गंधक पीसने के बाद खरल को ठीक से साफ नहीं किया, इसलिए पोटाश डालते ही ब्लास्ट हो गया।

पिछले साल हुई थी शादी, ढाई महीने की बेटी

गौरव के पिता वीरी सिंह ने बताया- मेरे तीन बेटों में गौरव मंझला था। उसका बड़ा भाई कुलदीप (24) और छोटा भाई कुलवंत (17) है। मैं और तीनों बेटे मजदूरी कर परिवार चला रहे थे। पिछले साल ही गौरव की शादी वृंदावन (उत्तर प्रदेश) की रजनी के साथ हुई थी। उसकी ढाई महीने की बेटी ध्रुवी भी है। गुरुवार को सुबह मैं, कुलदीप और कुलवंत मजदूरी पर चले गए थे। घर पर गौरव, उसकी पत्नी रजनी और बेटी ध्रुवी ही थे। लोगों से पता चला कि घर पर धमाका हुआ और गौरव नहीं रहा।

बाजार में मिला था, कुछ देर बाद मौत की खबर मिली

गौरव के पड़ोसी गजेन्द्र ने बताया- कल(गुरुवार) सुबह 11 बजे गौरव बाजार में मिला था। वह कचौरी खा रहा था। उसने मुझसे भी कचौरी खाने के लिए कहा। उसने बताया कि वह गंधक और पोटाश लेने के लिए आया है। इसके बाद वह बाजार चला गया था। दोपहर करीब 12 बजे उसकी मौत की खबर सुनी।

फिलहाल कोई मामला दर्ज नहीं हुआ

थानाधिकारी योगेन्द्र सिंह राजावत ने बताया- गुरुवार को सोनोखर गांव में गंधक और पोटाश पीसते समय ब्लास्ट हो गया। हादसे में गौरव की मौत हो गई थी। घरवालों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। फिलहाल हादसे को लेकर कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.