राजस्थान: सेल्फी लेने गए दो दोस्तों की डूबने से मौत, टेबल टेनिस की प्रेक्टिस के बाद स्कूल से घूमने निकले थे, दो महीने बाद ही खेलना था नेशनल टूर्नामेंट
एनसीआई@शाहपुरा (भीलवाड़ा)
सेल्फी लेने के लिए सोमवार दोपहर ढाई बजे करीब खदान में भरे पानी के पास गए दो दोस्तों की डूबने से मौत हो गई। इनमें से एक बच्चे के पिता इस हादसे से अपने होशोहवास तकरीबन पूरी तरह खो बैठे थे। वह उसकी मौत पर विश्वास नहीं कर पा रहे थे और डॉक्टरों से बेटे को रेफर करने की गुजारिश करते रहे। दोनों बच्चों का टेबल टेनिस के नेशनल टूर्नामेंट के लिए सलेक्शन हो चुका था। इसी के चलते ये प्रेक्टिस के लिए स्कूल में आए थे। मामला शाहपुरा के कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

एएसपी राजेन्द्र आर्य ने बताया- इस हादसे में श्लोक जागेटिया (14) और रुद्र प्रताप सिंह (14) की मौत हुई है। इनके साथ तीसरा साथी फहीम खान था। उसी ने दोनों के डूबने की जानकारी लोगों को दी।
स्कूल प्रिंसिपल ने यह बताया
शाहपुरा के राजकीय मॉडल स्कूल के प्रिंसिपल ईश्वर सिंह मीणा ने बताया- दोनों छात्र स्कूल की 9 वीं कक्षा में पढ़ते थे। दोपहर ढाई बजे तीनों बच्चे 300 मीटर दूर आरटीओ स्थित खदानों के पास गए थे। इन खदानों में हो रहे गड्ढों में पानी भरा हुआ है। इन खदानों के किनारे पर सेल्फी लेने के चक्कर में रुद्र और श्लोक पानी में डूब गए।

फहीम ने दोनों को डूबते हुए देखा तो शोर मचाते हुए आरटीओ ऑफिस के बाहर पहुंचा और लोगों को घटना के बारे में जानकारी दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने दोनों बच्चों को बाहर निकाला और शाहपुरा जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया। इधर, मामले की जानकारी मिलते ही अस्पताल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पिता नहीं माने कि बेटे की मौत हो चुकी है
श्लोक के पिता उमेश जागेटिया मानने को तैयार नहीं थे कि उनके बेटे की मौत हो चुकी है। वे बार-बार बेटे को भीलवाड़ा ले जाकर उसका बेस्ट ट्रीटमेंट कराने की बात कह रहे थे। इस दौरान डॉक्टर ने पिता को मुश्किल से समझाया कि उसकी की मौत हो चुकी है। मौके पर पहुंचे कलक्टर राजेन्द्र सिंह शेखावत और एएसपी राजेन्द्र आर्य ने उन्हें सांत्वना दी।
बचपन से थी गहरी दोस्ती
प्रिंसिपल ईश्वर सिंह ने बताया- रुद्र और श्लोक 8 वीं क्लास तक मॉडल स्कूल में एक साथ पढ़ते थे। इसके बाद 9 वीं कक्षा में रुद्र के परिजनों ने उसका एडमिशन एक निजी स्कूल में करा दिया था। दोनों की गहरी दोस्ती थी। दोनों टेबल टेनिस के बहुत अच्छे खिलाड़ी थे और प्रेक्टिस करने के लिए स्कूल आ जाते थे। हाल ही में दोनों का चयन टेबल टेनिस के नेशनल टूर्नामेंट के लिए हो गया था। जनवरी में ही इनका टूर्नामेंट था। श्लोक दो दिन बाद ही प्रेक्टिस के लिए जयपुर जाने वाला था।

एक के पिता लेक्चरर, दूसरे के टीचर
ईश्वर सिंह ने बताया- श्लोक के पिता उमेश जागेटिया राजकीय मॉडल स्कूल में ही 5 साल से लेक्चरर हैं। इस कारण श्लोक अपने पिता के साथ ही स्कूल आता था।
दोनों अपने परिवारों के थे इकलौते बेटे
मगर आज स्कूल की छुट्टी होने से वह अपने दोस्त के साथ स्कूल आया था। श्लोक और रुद्र अपने-अपने परिवारों के इकलौते बेटे थे। दोनों की एक-एक बड़ी बहन है। रुद्र के पिता धर्मेन्द्र सिंह सोढा भी सरकारी टीचर हैं।
