July 13, 2026

News Chakra India

Never Compromise

बूंदी में दिल दहला देने वाला हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने कार को पीछे से टक्कर मारी, दो महिलाओं सहित चार कार सवार चिल्लाते रहे, मगर ट्रक एक किलोमीटर तक घसीटता ले गया (वीडियो)

बूंदी में दिल दहला देने वाला हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने कार को पीछे से टक्कर मारी, दो महिलाओं सहित चार कार सवार चिल्लाते रहे, मगर ट्रक एक किलोमीटर तक घसीटता ले गया (वीडियो)

एनसीआई@बूंदी

शहर से गुजर रहे कोटा-जयपुर को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे 52 पर 20 नवम्बर, बुधवार की रात दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। इसका वीडियो अब सामने आया है। जो भी इसे देखता है, उसके रोंगटे खड़े हो जाते हैं। गनीमत रही कि इतने बड़े हादसे के बावजूद कोई जनहानि नहीं हुई।

घटनाक्रम के अनुसार कोटा निवासी विजय शर्मा बुधवार सुबह कार लेकर अपने चचेरे भाई हरिहर शर्मा और परिवार की दो महिलाओं के साथ जयपुर एक शोक सभा में गए थे। वहां से ये चारों रात को वापस कोटा लौट रहे थे। इस दौरान रात करीब साढ़े ग्यारह बजे जब ये बूंदी शहर को पार कर कोटा रोड पर रामगंज बालाजी के पास से गुजर रहे थे तो पीछे से तेज गति से एक ट्रक आया और कार को अपनी चपेट में ले लिया। बड़ी बात यह रही कि ट्रक ड्राइवर कार को टक्कर मारने के बाद भी नहीं रुका। वह लगातार ट्रक चलाते हुए कार को करीब एक किलोमीटर दूर रेलवे तिराहे तक घसीटते हुए ले गया। ट्रक से घिसटने के कारण कार के पहियों से चिंगारियां तक निकलती रहीं। इस हादसे से बदहवास कार सवार चारों लोग चीखते-चिल्लाते रहे, मगर ट्रक ड्राइवर पर कोई असर नहीं पड़ा।

इसके अलावा इस खतरनाक नजारे को देख वहां से गुजर रहे लोगों ने ट्रक को रोकने की कोशिश की, लेकिन फिर भी ड्राइवर ने ट्रक नहीं रोका। इस बीच कई वाहन चालकों ने इस ट्रक का पीछा भी किया। इस बीच लोगों की भीड़ बढ़ने लगी, तब जाकर ड्राइवर को ट्रक रोकना पड़ा। इसके बाद लोगों ने उसे पकड़ कर पुलिस के हवाले किया।

पत्थर फेंकने से घबरा गया था ड्राइवर: पुलिस

सदर थाने के एएसआई जितेन्द्र का कहना है कि, एक्सीडेंट के बाद लोगों ने ट्रक पर पत्थर फेंके, इससे ड्राइवर घबरा गया और उसने ट्रक नहीं रोका। इस दौरान कुछ लोगों ने गाड़ी से ट्रक का पीछा भी किया और इस घटना का वीडियो बना लिया। एक व्यक्ति ट्रक को रुकवाने के लिए ट्रक पर भी चढ़ गया था।

एएसआई ने कहा, टक्कर के बाद कार का एक हिस्सा ट्रक में फंस गया था। हादसे के बाद दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है। इस मामले में फिलहाल किसी ने शिकायत नहीं दी है। शिकायत मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

रामगंज बालाजी का घुमाव है खतरनाक

एएसआई जितेन्द्र ने कहा, कोटा-जयपुर नेशनल हाईवे-52 पर रामगंज बालाजी के पास आए दिन हादसे से होते हैं। ऐसा यहां एक तरफ तीखा घुमाव होने के कारण होता है। इसलिए पुलिस ने इसे ब्लेक स्पॉट घोषित किया हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.