April 27, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान: जज ने आईजी को पत्र लिखकर जताई नाराजगी, इस पर हेड कांस्टेबल को दी जा रही है सेल्यूट करने और सही आचरण सिखाने की विशेष ट्रेनिंग

राजस्थान: जज ने आईजी को पत्र लिखकर जताई नाराजगी, इस पर हेड कांस्टेबल को दी जा रही है सेल्यूट करने और सही आचरण सिखाने की विशेष ट्रेनिंग

एनसीआई@जालोर

जज के आदेश पर एसपी ने एक हेड कॉन्स्टेबल को 7 दिन तक परेड के साथ सेल्यूट सिखाने के निर्देश दिए हैं। एसपी ने पुलिस लाइन के आरआई (संचित निरीक्षक) को पत्र लिखा है। इसमें कोर्ट में उपस्थिति के दौरान अपनाए जाने वाले आचरण को भी सिखाने के लिए कहा है।

मामला जालोर की पुलिस लाइन में तैनात हेड कॉन्स्टेबल पूनमाराम से सम्बन्धित है। एसपी ने 10 दिन में इसकी रिपोर्ट मांगी है। इस आदेश के बाद हेड कांस्टेबल की 1 दिसम्बर से पुलिस लाइन में विशेष ट्रेनिंग शुरू हो गई है।
मामले के अनुसार- जिला एवं सेशन न्यायालय में विचाराधीन एक प्रकरण में 6 नवंबर को हेड कॉन्स्टेबल पूनमाराम गवाही देने गया था। पूनमाराम का आचरण कोर्ट में सही नहीं मिलने पर जज ने नाराजगी जताई।
इस पर जज ने 8 नवम्बर को पाली रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) को पत्र लिखा था। जज का पत्र मिलने पर पाली रेंज आईजी ने 20 नवंबर को जालोर एसपी को उचित कार्रवाई के लिए लिखा।

जालोर एसपी के द्वारा आरआई को लिखा गया पत्र।
जालोर एसपी के द्वारा आरआई को लिखा गया पत्र।

हेड कॉन्स्टेबल का आचरण उचित नहीं

जालोर एसपी ज्ञान चंद्र यादव ने आईजी के पत्र के बाद 30 नवम्बर को पुलिस लाइन के आरआई को निर्देश दिए। उन्होंने लेटर में लिखा- प्रकरण संख्या 16/2022 सरकार बनाम हसमुख व अन्य में गवाह पूनमाराम हेड कॉन्स्टेबल 539 पुलिस लाइन, जालोर 6 नवम्बर को न्यायालय में साक्ष्य के लिए उपस्थित हुआ था। हेड कॉन्स्टेबल का न्यायालय में आते-जाते व गवाही देते समय आचरण उचित और मर्यादा में नहीं था। हेड कॉन्स्टेबल को सेल्यूट करना भी नहीं आता है। उसका आचरण न्यायालय को समर्पित नहीं है। इस अनुचित आचरण से लगता है कि उसे ट्रेनिंग की आवश्यकता है। इस सम्बंध में नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

जज साहब को सेल्यूट सही नहीं लगा

हेड कॉन्स्टेबल पूनमाराम ने इस मामले में कहा- एक प्रकरण में गवाही के लिए गया था। उस दौरान जज साहब को लगा कि मैंने सेल्यूट सही से नहीं किया है। इस पर यह कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.