April 25, 2026

News Chakra India

Never Compromise

चार दिन से गायब बच्चे का शव नाली में मिला, कचरे में दबा हुआ था, बार-बार उधर जा रहा था एक कुत्ता

चार दिन से गायब बच्चे का शव नाली में मिला, कचरे में दबा हुआ था, बार-बार उधर जा रहा था एक कुत्ता

एनसीआई@पाली

शहर के इंडस्ट्रियल थाना क्षेत्र से चार दिन पहले गायब हुए ढाई साल के बच्चे का शव आज शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे एक नाली में मिला। यह नाली उसके घर से कुछ दूरी पर ही है। मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को नाली में बच्चे का शव पड़ा होने की सूचना दी। इस पर एसपी चूनाराम जाट‌ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया।

इंडस्ट्रियल थाना प्रभारी पाना चौधरी ने बताया- एक स्ट्रीट डॉग गली में एक नाली के पास बार-बार जा रहा था। जब उस संकरी नाली की तलाशी ली गई तो वहां कचरे में दबा हुआ मासूम का शव मिला। शनिवार सुबह मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा।

यह है घटनाक्रम

मामले के अनुसार आईटीआई रोड के पास आनंद नगर स्थित दिनेश सरगरा के घर के सामने से उनका ढाई साल का बेटा मनन मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक लापता हो गया था। तब यह माना गया कि किसी ने बच्चे का अपहरण कर लिया है। इधर, कॉलोनी की नाली में ही बच्चे का शव मिलने की सूचना  पर मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई।

ताऊ ने जताई हत्या की आशंका

मनन के ताऊ उम्मेदराम ने बताया- मनन का शव जिस नाली में मिला है, उसकी गहराई 9 इंच और चौड़ाई 11 इंच है। चार दिन तक उसकी बॉडी नाली में रही होती तो बदबू जरूर आती, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

उम्मेदाराम ने कहा-जिस तरह से बॉडी नाली में फंसी हुई थी, उसे देखकर लगता है किसी ने उसे वहां फंसाया है। मनन नाली में डूबा होता तो उसके तड़पने से नाली की गंदगी बाहर निकली होती, मगर मौके पर ऐसी स्थिति नहीं दिखी। ऐसे कई सवाल हैं, जिनसे उसकी हत्या होने की आशंका है।

Related News:-

राजस्थान: तीन दिन पहले अगवा हुआ ढाई साल का मासूम, अब सीसीटीवी फुटेज में दिखा संदिग्ध, मां का रो-रोकर बुरा हाल, शहर का चप्पा-चप्पा छान रही पुलिस

मां घर के अंदर गई और बाहर से बच्चा गायब

मंगलवार दोपहर करीब बारह बजे मनन की मां डिम्पल सरगरा पड़ोस में गेहूं साफ करने जा रही थी। घर के गेट के बाहर खड़े मनन के हाथ में 2 रुपए का सिक्का था। डिम्पल गेहूं का कट्टा घर के अंदर से लेकर बाहर आई तो मनन वहां नहीं दिखा।

उन्होंने सोचा कि वह पास की दुकान पर गया होगा। इस पर वे वहां गईं, लेकिन मनन नहीं मिला। पूरे मोहल्ले भर में तलाशा, हर व्यक्ति से पूछा, लेकिन किसी से भी मनन का पता नहीं चला । इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने चलाया था व्यापक सर्च अभियान

पुलिस ने शहर में बच्चे की तलाश के लिए व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। इसमें तीन थानों के करीब 120 पुलिसकर्मियों को लगाया गया। साथ ही पाली-जोधपुर और पाली-जयपुर हाईवे के साथ टोल नाकों पर लगे सभी सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए, मगर मनन का कोई सुराग नहीं मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.