April 27, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान: तीन दिन पहले अगवा हुआ ढाई साल का मासूम, अब सीसीटीवी फुटेज में दिखा संदिग्ध, मां का रो-रोकर बुरा हाल, शहर का चप्पा-चप्पा छान रही पुलिस

राजस्थान: तीन दिन पहले अगवा हुआ ढाई साल का मासूम, अब सीसीटीवी फुटेज में दिखा संदिग्ध, मां का रो-रोकर बुरा हाल, शहर का चप्पा-चप्पा छान रही पुलिस

एनसीआई@पाली

इंडस्ट्रियल थाना क्षेत्र में तीन दिन पहले एक ढाई साल का मासूम अचानक लापता हो गया था। माना जा रहा है कि इसका किसी ने अपहरण कर लिया। पुलिस ने इस बच्चे की तलाश में मोहल्ले से हाईवे तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। एक सीसीटीवी फुटेज में कम्बल बेचने वाला संदिग्ध युवक नजर आया है। यह बालक के गायब होने के कुछ समय पहले ही गली से गुजरा था। पुलिस ने शक के आधार पर इसकी तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए शहर भर में करीब सवा सौ पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। यह चप्पे-चप्पे को छान रहे हैं।

सीओ सिटी देरावर सिंह सोढ़ा ने बताया- तीन थानों का स्टाफ इस सर्च ऑपरेशन में जुटा हुआ है। सुनसान जगहों सहित इलाके के आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए हैं। अस्थाई फेरी वालों से भी पूछताछ की है। अभी तक कोई खास सुराग नहीं मिला है। एएसपी विपिन कुमार शर्मा ने पुलिस को मासूम की फोटो सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर करने के निर्देश दिए हैं। जोधपुर से डॉग स्क्वाड बुलाकर बच्चे की तलाश की गई, लेकिन कामयाबी नहीं मिली।

घर के बाहर से अगवा हुआ था बच्चा

इंडस्ट्रियल थाना इलाके में ढाई साल का बच्चा मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे घर के बाहर से अचानक गायब हो गया था। घटना के समय उसकी मां पड़ोसी महिला से बात कर रही थी। कुछ देर बाद मासूम के नहीं मिलने पर उसकी आसपास तलाश की गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

बच्चे की मां ने बताया- पड़ोस में गेहूं साफ करने जा रही थी। बच्चे के हाथ में 2 रुपए का सिक्का था। मैं गेहूं का कट्टा घर के अंदर से लेकर बाहर आई तो बच्चा वहां नहीं दिखा, इस पर सोचा, दुकान पर गया होगा। वहां भी गई, लेकिन वह नहीं मिला। पूरे मोहल्ले में हर एक शख्स से पूछ लिया, लेकिन किसी ने भी बच्चे को नहीं देखने की बात कही। रोते हुए मां बोली-आज तीसरा दिन है। मुझे मेरा बेटा चाहिए।

सीसीटीवी फुटेज में नजर आया संदिग्ध।
सीसीटीवी फुटेज में नजर आया संदिग्ध।

पिता भी कर रहे हैं मशक्कत

इधर, पिता भी अपने स्तर पर लगातार बच्चे की तलाश कर रहे हैं। पुलिस मामले में पुरानी रंजिश, फिरौती के लिए अपहरण सहित हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।
मासूम की तलाश में एएसपी विपिन कुमार शर्मा, सीओ सिटी देरावर सिंह सोढ़ा, औद्योगिक थाना प्रभारी पाना चौधरी, कोतवाल किशोर सिंह, सदर थाना प्रभारी अनिल विश्नोई, पुलिस टीम और आरएएसी के जवान मुस्तैदी से जुटे हुए हैं। पुलिस ने सर्च ऑपरेशन के दौरान बस्तियों में जाकर फेरी लगाने वालों से भी पूछताछ की है।

डॉग स्क्वॉड से भी गली-मोहल्ले में जांच

पुलिस टीम ने मासूम की तलाश के लिए जोधपुर से डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया। डॉग को बच्चे के कपड़े सुंघाकर पूरे मोहल्ले में घुमाया, लेकिन, वह मोहल्ले से बाहर नहीं गया और न ही किसी पड़ोसी के घर में गया। पुलिस टीम ने जयपुर-पाली और पाली-जोधपुर हाईवे पर 100 से ज्यादा पॉइंट पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले। टोल नाकों पर भी पूछताछ की।

गुरुवार सुबह चलाए सर्च ऑपरेशन के दौरान करीब 120 पुलिसकर्मियों ने शहर के सुमेरपुर रोड, नया गांव रोड, मंडिया रोड स्थित अन्य जगह पर रहने वाले फेरी वालों के यहां तलाशी ली। उनसे बच्चे का फोटो बताकर पूछताछ की, लेकिन जानकारी नहीं मिल सकी। पुलिस ने उनमें पैम्फलेट बांटे। कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को कॉल करने का आग्रह किया।

पाली पुलिस ने वाॅट्सएप सहित सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी बच्चे का फोटो मैसेज और नम्बर के साथ शेयर किया है। पूरे मामले पर जिला कलेक्टर एलएन मंत्री और एसपी चूनाराम जाट भी नजर रखे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.