कोचिंग सेंटर की क्लास में अचानक आई अजीब सी बदबू से विद्यार्थियों की बिगड़ने लगी तबीयत, दस विद्यार्थी हो गए बेहोश, साथी छात्रों ने बाहर निकाला, छात्र नेताओं का हंगामा, भारी पुलिस बल तैनात

एनसीआई@जयपुर
यहां के उत्कर्ष कोचिंग सेंटर में रविवार देर शाम अचानक दस विद्यार्थियों की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके कुछ ही देर बाद ही दस विद्यार्थी बेहोश हो गए। जानकारी के अनुसार, कोचिंग सेंटर की दूसरी मंजिल पर क्लास चल रही थी। इसी दौरान बेहद अजीब बदबू से छात्र-छात्राओं का यह हाल हुआ ।
इस पर उत्कर्ष कोचिंग क्लासेज के प्रबंधन ने 108 एम्बुलेंस को बुलाया। इस दौरान अन्य छात्रों ने बेहोश छात्र-छात्राओं को कंधों पर उठाकर बाहर निकाला और एम्बुलेंस की मदद से पास के सोमानी अस्पताल में पहुंचाया। वहां उनकी हालत में सुधार है। इस घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर लोग जमा हो गए।

अजीब बदबू आने से हुए बेहोश
एसएचओ, महेश नगर कविता शर्मा ने बताया- रिद्धि-सिद्धि तिराहे के पास एक बिल्डिंग में उत्कर्ष कोचिंग चलती है। रविवार शाम को कोचिंग में दूसरी मंजिल पर रूम नम्बर 201 में क्लास चल रही थी। पौने सात बजे करीब क्लास में पढ़ाई के दौरान अजीब बदबू आने से क्लास में मौजूद करीब 10 छात्र-छात्राओं को बेहोशी छाने लगी।

एसएचओ ने बताया- क्लास में इस स्थिति से हड़कम्प मच गया। उत्कर्ष कोचिंग क्लास के प्रबंधन ने इस पर एम्बुलेंस बुलाकर बेहोशी की हालत में विद्यार्थियों को नजदीकी सोमानी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया। यहां से 5 छात्रों को मेडिकल जांच के लिए एसएमएस अस्पताल ले जाया गया। वहीं, डॉक्टर्स का कहना है कि सभी की हालत में सुधार है। प्रारम्भिक पूछताछ में बच्चों ने बताया कि अजीब बदबू आने के बाद वह बेहोश हो गए।

दूसरी ओर इस घटना की जानकारी मिलने पर सोमानी हॉस्पिटल के बाहर राजस्थान यूनिवर्सिटी के निवर्तमान छात्र संघ अध्यक्ष निर्मल चौधरी सहित अन्य छात्र नेता भी जमा हो गए। यहां दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए निर्मल चौधरी पुलिसकर्मियों से उलझ गए। निर्मल के समर्थकों और पुलिसकर्मियों की झड़प के बाद कुछ छात्र नेताओं को हिरासत में लिया गया। इसके बाद निर्मल धरने पर बैठ गए।

वहीं, इस घटना के बाद पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
मेयर ने कहा-घटना की जांच कराएंगे
इस मसले पर ग्रेटर नगर निगम की मेयर सौम्या गुर्जर ने कहा- घटना की जांच कराई जाएगी। कोचिंग परिसर में फायर फाइटिंग सिस्टम सहित सभी मापदंडों को जांचा जाएगा। कोचिंग स्टूडेंट्स की सेफ्टी के हिसाब से पुख्ता इंतजाम हो, यह सुनिश्चित किया जाएगा।
सांसद मंजू शर्मा भी पहुंचीं
वहीं सांसद मंजू शर्मा अस्पताल पहुंचीं और छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य की जानकारी ली। साथ ही कहा कि इस मुद्दे पर सरकार से बात करेंगे।

दंगा नियंत्रण वाहन मौके पर तैनात
मौके पर छात्र नेताओं की भीड़ को देखते हुए कोचिंग सेंटर के बाहर दंगा नियंत्रक वाहन बुलाया गया। मौके पर 6 थानों का जाब्ता और पुलिस लाइन से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है। यहां स्थिति को देखते हुए 30 से 40 पुलिसकर्मी मौजूद है।

सोमानी अस्पताल के सामने से उठकर छात्र नेता उत्कर्ष कोचिंग के बाहर आ गए थे। यहां अतिरिक्त पुलिस बल भी लगाया गया। निर्मल चौधरी के साथ आए उनके समर्थक पुलिस प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने।
प्रत्यक्षदर्शी छात्र बोला- स्टूडेंट्स को बाहर निकालने में परेशानी हुई
प्रत्यक्षदर्शी छात्र युधिष्ठिर ने बताया- 201 नम्बर क्लास रूम में ये हादसा हुआ। वैसे तो 800 के करीब बच्चे इस क्लास रूम में बैठते हैं, लेकिन आज संडे होने के चलते 350 विद्यार्थी ही आए थे।

सबसे बड़ी समस्या थी कि बेहोश हुए स्टूडेंट्स को बाहर लाने में 15 से 20 मिनट लग गए। इलाज में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आई। लड़कियों को उठाने और बाहर लेकर आने में समस्या आई। हम भी उसी क्लास के अंदर थे।
युधिष्ठिर ने बताया- अजीब सी बदबू आ रही थी, हम सबको अचानक खांसी आने लगी, लेकिन जिस बेंच के पास हादसा हुआ वहां से बदबू आ रही थी। इसलिए वहां ज्यादा दिक्कत हुई।
