राजस्थान मरु उड़ान कार्यक्रम का बूंदी जिला स्तर पर हुआ शुभारम्भ, महिलाओं की विभिन्न स्थितियों पर हुआ विचार-विमर्श
एनसीआई@बूंदी
महिला सशक्तिकरण और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत ‘सशक्त नारी, सशक्त समाज’ के संकल्प को लेकर शुरू किए गए अभिनव नवाचार कार्यक्रम राजस्थान मरु उड़ान का शुभारम्भ व जिला स्तरीय संवाद कार्यक्रम गुरुवार को नैनवां रोड स्थित एक होटल में आयोजित किया गया। इसमें चार सत्रों में महिलाओं के मानसिक स्वास्थ्य (अनमोल जीवन), शारीरिक स्वास्थ्य, सरकारी योजनाओं की जानकारी और व्यावसायिक कौशल प्रशिक्षण पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम में जागरुकता गतिविधियों का प्रायोगिक आयोजन किया गया। वहीं महिला संवाद के साथ अभियान के तहत होने वाली विभिन्न गतिविधियों के पोस्टर का विमोचन व नाटक मंचन भी किया गया। समारोह को सम्बोधित करते हुए जिला प्रमुख चंद्रावती कंवर ने कहा कि महिलाएं कोमल हैं, लेकिन कमजोर नहीं। वे सफलता के लिए शिक्षा को अपना हथियार बनाकर आगे बढ़ें। नगर परिषद की सभापति सरोज अग्रवाल ने महिलाओं से कहा कि वे विभिन्न उपयोगी योजनाओं के प्रति जागरूक रहें एवं अन्य महिलाओं को भी इनसे जोड़कर लाभांवित करें। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण एवं सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा महत्वपूर्ण आधार है। शिक्षित महिला ही जागरूक होकर अपने और दूसरों के अधिकारों को प्राप्त कर सकती हैं।

महिला अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक भैरू प्रकाश नागर ने राजस्थान मरु उड़ान योजना की जानकारी देते हुए बताया कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह महत्वपूर्ण अभियान है, जो अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस तक शहरी स्थल से लेकर ग्रामीण स्तर तक समन्वित रूप से क्रियान्वित किया जाएगा। इसके तहत महिला सशक्तिकरण के लिए जिला प्रशासन, महिला अधिकारिता, शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सहित विभिन्न सरकारी विभागों, स्वयंसेवी संगठन एवं कार्यकर्ताओं के साथ समयबद्ध कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है।
दूसरे सत्र में बालिकाओं एवं महिलाओं से सम्बंधित राज्य एवं केन्द्र सरकार की योजनाओं के सम्बंध में महिलाओं व बालिकाओं को विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। मानसिक स्वास्थ्य, शारीरिक स्वास्थ्य, व्यावसायिक कौशल प्रशिक्षण, सत्र के दौरान महिलाओं से सम्बंधित विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं सहित भारतीय डाक विभाग और बैंकों द्वारा अपनी-अपनी निवेश योजनाओं के बारे में भी महिलाओं को जागरुक किया गया। कार्यक्रम का संचालन असिस्टेंट प्रोफेसर सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. सर्वेश तिवारी ने किया। महिला व बालिकाओं के साथ संवाद कार्यक्रम हुआ।

मानसिक स्वास्थ्य पर संवाद में डॉ. महावीर कुमार शर्मा व टेली मानस मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम पर डॉ. सर्वेश तिवारी ने जागरूक किया। वक्ताओं ने कहा कि मानसिक अवसाद से बचें, स्वस्थ दिनचर्या अपनाएं। मानसिक स्वास्थ्य के लिए सकारात्मक विचारों से प्रफुल्लित रहें और पर्याप्त नींद लें। उन्होंने कहा कि जान है, तो जहान है। इसलिए किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति में मानसिक अवसाद में न आएं और कोई भी अप्रिय कदम न उठाएं। हर समस्या का समुचित समाधान है। जीवन में कोई समस्या है तो सबसे पहले परिवार में साझा करें, अपने मित्रों को बताएं और उचित मंच पर उसका समाधान करें।
शारीरिक स्वास्थ्य पर संवाद में प्राकृतिक चिकित्सा एवं हमारा स्वास्थ्य विषय पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में जिला प्रमुख चंद्रावती कंवर, नगर परिषद सभापति सरोज अग्रवाल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव सरिता मीणा, सीएमएचओ डॉ. ओपी सामर, सीडीईओ डॉ. महावीर प्रसाद शर्मा आदि मौजूद रहे।
