ड्यूटी पर जा रही युवती पर बदमाश ने कसी फब्तियां, युवती ने थप्पड़ और जूते से कर दी पिटाई
एनसीआई@भरतपुर
यहां एक राह चलती युवती से छेड़छाड़ करना साइकिल सवार बदमाश को भारी पड़ गया। युवती ने इस युवक का पीछा किया, फिर सरेआम उसे पकड़ कर जूते मारे। इस दौरान यह बदमाश युवती से माफी मांगता रहा। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें पीड़िता आरोपी युवक की जूते से पिटाई करती दिखाई दे रही है।
मामला शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र का है। गोपालगढ़ निवासी 21 वर्षीय युवती 8 जनवरी को सुबह करीब नौ बजे पैदल अपनी ड्यूटी पर जा रही थी। वह एक कम्पनी में काम करती है। रास्ते में केतन गेट के पास साइकिल पर एक लड़का आया और उस पर फब्तियां कसते हुए निकल गया। इसके बाद इस युवती ने एक बाइक सवार को रोक कर पूरी बात बता कर इससे मदद मांगी। इसके बाद इन्होंने बदमाश का पीछा किया। शहर के गोवर्धन गेट पर इन्हें यह साइकिल सवार मिल गया। युवती ने उसे पकड़ना चाह, लेकिन वह तेजी से साइकिल चलाता हुआ वहां से निकल गया।

युवती के शोर मचाने पर लोगों ने पकड़ा
इस पर युवती ने शोर मचाया तो लोगों ने साइकिल सवार बदमाश को पकड़ लिया। इसके बाद तो युवती ने इसकी थप्पड़ों और जूतों से पिटाई शुरू कर दी। इस बीच मौके पर काफी लोग एकत्र हो गए। पिटाई के दौरान बदमाश माफी मांगता रहा। उसने यह भी कहा कि मैंने कुछ नहीं कहा, मेरे से गलती हो गई। इस दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने भी साइकिल सवार युवक को थप्पड़ लगा दिए और आगे से फिर ऐसा नहीं करने की हिदायत दी।
पुलिस में मामला दर्ज नहीं
इस युवती ने बताया- पिटाई करने के बाद आरोपी युवक वहां से चला गया। हालांकि युवक कौन था, कहां का रहने वाला था, इसके बारे में उसे जानकारी नहीं है। पुलिस में भी कोई शिकायत नहीं दी गई है। इस युवती के पिता ऑटो चलाते हैं। मां आंगनबाड़ी में काम करती हैं। दो छोटे भाई हैं, जिनमें से एक एक मंदिर में सेवा करता है, वहीं दूसरा पढ़ाई करता है।
