April 19, 2026

News Chakra India

Never Compromise

बूंदी: ग्रामीण अंचल के युवा खिलाड़ियों ने दिखाया उत्कृष्ट खेल-कौशल, विजेता खिलाडी राज्य स्तर पर करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व 

बूंदी: ग्रामीण अंचल के युवा खिलाड़ियों ने दिखाया उत्कृष्ट खेल-कौशल, विजेता खिलाडी राज्य स्तर पर करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व 

नेहरू युवा केन्द्र ने आयोजित की जिलास्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता, विजेता-उपविजेता हुए पुरस्कृत

एनसीआई@बूंदी

नेहरू युवा केन्द्र, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय एवं भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन शुक्रवार को जिला खेल संकुल में हुआ। दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में भाग लेकर उत्कृष्ट शारीरिक क्षमता व खेल-प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

ब्लॉक स्तरीय खेलों में विजेता-उपविजेता ग्रामीण अंचलों के युवा प्रतियोगियों ने खेलों में भरपूर उत्साह दिखाया एवं रोचक निर्णायक मुकाबलों में खेल-कौशल से जीत अर्जित की।

दौड़ में दीपक रहे अव्वल, जखाणा की बालिकाओं ने लहराया परचम, कबड्डी में टीम उतराणा ने बाजी मारी

प्रतियोगिता संयोजक भूपेन्द्र योगी ने बताया कि विभिन्न खेलों में 176 प्रतिभागियों व 15 टीमों ने भाग लेकर बेहतरीन खेल दिखाया। 100 मीटर दौड़ (बालक वर्ग) में दीपक शर्मा प्रथम व रामगोपाल गुर्जर द्वितीय स्थान पर रहे। 100 मीटर (बालिका वर्ग) में शिवानी मीणा प्रथम व प्रियंका गोचर द्वितीय रहीं। 200 मीटर दौड़ (बालक वर्ग) में दीपक शर्मा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम व जयप्रकाश बंजारा ने द्वितीय स्थान हासिल किया। इसी प्रकार 200 मीटर (बालिका वर्ग) में दिलखुश गुर्जर प्रथम व आरती गुर्जर रहीं।

सह-संयोजक कोच बुद्धिप्रकाश गोचर ने बताया कि कबड्डी खेल में रोमांचक निर्णायक मुकाबले में टीम उतराणा विजेता व टीम कोटखेड़ा उपविजेता रही। रस्साकस्सी में टीम खेल संकुल विजेता व टीम देव अकेडमी उपविजेता रही। जिला स्तर पर विजेता प्रतिभागी व दल केन्द्र द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना खेल प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य:जेठवानी

प्रतियोगिता के समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिला युवा अधिकारी कशिश जेठवानी थे। अध्यक्षता युवा प्रतिनिधि धनराज कसाना ने की। विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय युवा कार्यक्रम सहभागी गोविंद प्रजापत व सह-संयोजक सियाराम गोचर रहे।

मुख्य अतिथि जिला युवा अधिकारी जेठवानी ने खेलों से होने वाले लाभ बताते हुए कहा कि इनसे बच्चों के शारीरिक विकास, संज्ञानात्मक विकास, संवेगात्मक विकास, सामाजिक विकास व नैतिक विकास को बढ़ावा मिलता है। ग्रामीण क्षेत्र की खेल-प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से खेल प्रतियोगिता को केन्द्र सरकार का सार्थक प्रयास बताया।

विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय युवा कार्यक्रम सहभागी प्रजापत ने खेल के दौरान होने वाली शारीरिक समस्याओं पर विस्तृत जानकारी दी।

अतिथियों ने जिलास्तरीय खेलों में विजेता-उपविजेता दल व प्रतिभागियों को सम्मान प्रतीक व खेल-किट प्रदान कर पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता निर्णायक मंडल में शामिल कोच देशराज गुर्जर, अंतिमा मीणा, एनआईएस कबड्डी कोच शिवकुमार योगी, किशन गोपाल मीणा, राकेश मीणा को अतिथियों द्वारा स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.