April 23, 2026

News Chakra India

Never Compromise

बूंदी: रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार मेडिकल स्टूडेंट की मौत, एक‌ अन्य साथी भी गम्भीर घायल, आक्रोशित मेडिकल स्टूडेंट्स ने जिला अस्पताल के बाहर लगाया जाम

बूंदी: रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार मेडिकल स्टूडेंट की मौत, एक‌ अन्य साथी भी गम्भीर घायल, आक्रोशित मेडिकल स्टूडेंट्स ने जिला अस्पताल के बाहर लगाया जाम

एनसीआई@बूंदी

गणतंत्र दिवस की खुशियों के बीच आज रविवार सुबह 9 बजे करीब यहां बड़ा हादसा हो गया। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के बाईपास पर छोटा तालाब के पास पीछे से आई एक बस की चपेट में आ जाने से बाइक सवार एक मेडिकल स्टूडेंट की मौत हो गई, वहीं उसका साथी मेडिकल स्टूडेंट गम्भीर घायल हो गया। मृतक बारां जिले के केलवाड़ा का निवासी था।‌ वहीं घायल स्टूडेंट बूंदी का ही निवासी है। केलवाड़ा निवासी स्टूडेंट को किसी काम से जयपुर जाना था। मगर मेडिकल कॉलेज के बाहर बस स्टॉप नहीं होने से वह अपने साथी के साथ बाइक पर बस स्टेंड जा रहा था, तभी तेज गति से आई एक रोडवेज बस के कारण यह दुर्घटना हो गई। गम्भीर घायल साथी का अस्पताल में इलाज जारी है।

इस दर्दनाक हादसे से आक्रोशित मृतक के मेडिकल स्टूडेंट्स साथियों ने जिला अस्पताल के बाहर प्रदर्शन करते हुए जाम लगा दिया। इनकी मांगों में मृतक के परिजनों को 5 करोड़ रुपए मुआवजा देने, परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने, बेवजह परेशान करने वाले मेडिकल कॉलेज के वार्डन को निलम्बित करने, अन्य दो फेकल्टी के खिलाफ भी कार्रवाई करने आदि शामिल थीं।  खबर लिखे जाने तक स्टूडेंट्स मौके पर जिला कलेक्टर को बुलाए जाने की मांग पर अड़े हुए थे। पुलिस की समझाइश काम नहीं आ रही थी।

यह है मामला

जानकारी के अनुसार तालाब गांव स्थित मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस फर्स्ट ईयर का स्टूडेंट लोमश जांगिड़ (21) पुत्र निरंजन जांगिड़, निवासी केलवाड़ा, जिला बारां कॉलेज के बाहर बस स्टॉप नहीं होने से मेडिकल कॉलेज के ही दूसरे स्टूडेंट अलवीश गौरी, निवासी बूंदी के साथ बाइक पर बूंदी बस स्टेंड जा रहा था। उसे जयपुर जाना था।

नवलसागर तालाब (छोटा तालाब) के पास पीछे से आई रोडवेज बस ने उनकी बाइक को ज़ोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में लोमश और अलवीश दोनों गम्भीर घायल हो गए। कुछ देर बाद कॉलेज के ही छात्र दीपक और विक्रम वहां से गुजरे तो उनके साथी सड़क पर बुरी तरह लहुलूहान हालत में पडे़ मिले।

इस पर दीपक और विक्रम ने दोनों घायलों को बाइक पर बैठाकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद लोमश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अलवीश को भर्ती कर लिया। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव को मॉर्च्युरी में रखवाया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.