जेके लोन अस्पताल को मिली बेस्ट हॉस्पिटल ट्रॉफी, कई बिंदुओं पर अव्वल रहा अस्पताल
एनसीआई@कोटा
मेडिकल कॉलेज कोटा में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में जेके लोन अस्पताल को सर्वश्रेष्ठ अस्पताल की ट्रॉफी प्रदान की गई। मेडिकल कॉलेज कोटा से सम्बद्ध सातों अस्पतालों की विभिन्न बिंदुओं के आधार पर मेरिट तैयार की गई थी। इसमें साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, मरीज को उपचार उपलब्ध कराना तथा सरकारी योजनाओं से सम्बंधित उपलब्धियां जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं के आधार पर जेके लोन अस्पताल को यह ट्रॉफी प्रदान की गई।
समारोह में मेडिकल कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. संगीता सक्सेना के द्वारा ट्रॉफी जेके लोन अस्पताल की अधीक्षक डॉ. निर्मला शर्मा को प्रदान की गई। गौरतलब है कि हाड़ोती के सबसे बड़े मातृ एवं शिशु रोग चिकित्सालय में जेके लोन अस्पताल का नाम सबसे ऊपर आता है। ऐसे में अस्पताल प्रबंधन को मिलने वाली यह ट्रॉफी अधीक्षक के लिए तो सम्मान का विषय है ही, कोटा के लोगों के लिए भी खुशी की बात है।
राज्यभर में खराब थी छवि
कुछ समय पहले तक अव्यवस्थाओं और शिशु मृत्यु दर की घटनाओं के कारण हाड़ोती के इस सबसे बड़े मातृ एवं शिशु चिकित्सालय की छवि राज्य भर में काफी खराब हो रही थी। इसे सुधारते हुए अस्पताल में कई विशेष कार्य किए गए। योजनाओं को ढंग से क्रियान्वित किया गया। तब जाकर यह अस्पताल इस सम्मान को पाने की स्थिति में आ पाया।
टीम वर्क से मिली यह उपलब्धि
इस उपलब्धि पर जेके लोन अस्पताल की अधीक्षक डॉ. निर्मला शर्मा ने कहा कि अस्पताल को यह ट्रॉफी टीम वर्क से मिली है। अस्पताल का छोटे से लेकर बड़ा कर्मचारी इस सम्मान का हकदार है। मेडिकल कॉलेज से सम्बद्ध अस्पतालों में जेके लोन को मिली यह ट्रॉफी हमारे लिए गर्व का विषय है और इससे हमें आगे भी इसी तरह अच्छा काम करने की प्रेरणा मिलती रहेगी।
