मोबाइल पर बात करते-करते तैश में आ युवक ने खुद के पेट में घोप दिया चाकू, दोस्तों के अनुसार किसी लड़की से करता है बात
एनसीआई@कोटा
भीमगंज मंडी थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक युवक ने मोबाइल फोन पर बात करते-करते तैश में आकर अपने ही पेट में चाकू घोप दिया। गम्भीर घायल इस युवक को उसके दोस्तों ने एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उसका बुधवार को भी इलाज जारी रहा।
इस मामले में सामने आया है कि यह युवक किसी लड़की से प्यार करता है। उसी से मोबाइल पर बात करने के दौरान किसी बात पर गुस्से में आकर उसने यह कदम उठाया।
भीमगंज मंडी थाने के सीआई रामकिशन गोदारा ने बताया, रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र की कैलाशपुरी का रहने वाला रजत पांडे (30) मंगलवार रात अपने दोस्तों के साथ अन्नपूर्णा रसोई में खाना खाने आया था। खाना खाने के बाद वह रंगपुर पुलिया के नीचे खड़ा हो मोबाइल पर बात कर रहा था। बात करते-करते उसे अचानक गुस्सा आ गया और अपने ही पेट में दो बार चाकू घोप दिया। इसका आईसीयू में इलाज जारी है।
तीन साल पहले भी काटी थी हाथ की नस
घायल रजत के दोस्तों ने पुलिस को बताया कि तीन साल पहले भी उसने इसी तरह गुस्से में आकर अपने हाथों की नसें काट ली थी। वह प्रेम प्रसंग के चलते किसी युवती से मोबाइल पर बात करता है।
