कोटा पुलिस ने तुरंत एक्शन लेकर बचाई कोचिंग छात्र की जान, स्टूडेंट हेल्पलाइन पर मिली सूचना के बाद दिखाई सक्रियता
एनसीआई@कोटा
पुलिस ने एक कोचिंग स्टूडेंट को सुसाइड करने से रोक कर अनुपम उदाहरण पेश किया है। दरअसल, इस स्टूडेंट के भाई ने पुलिस से सम्पर्क किया और अपने भाई के द्वारा वॉट्सएप पर सुसाइड नोट भेजने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस तुरंत एक्टिव हुई और उस स्टूडेंट तक पहुंच कर उसे सुसाइड करने से रोका।
पुलिस के अनुसार रविवार सुबह साढ़े नौ बजे फोन पर एक व्यक्ति ने सूचना दी कि मेरा भाई कोटा में रहकर पढ़ाई कर रहा है। उसने मोबाइल पर सुसाइड नोट डाला है , कृपया उसे बचा लीजिए। इसके बाद पुलिस ने अभय कमांड सेंटर से सम्पर्क साधा और स्टूडेंट की लोकेशन ट्रेस करके उसे दस्तयाब कर लिया।
जानकारी के मुताबिक जयपुर निवासी स्टूडेंट डेढ़ महीने पहले ही कोटा आया था। यह यहां महावीर नगर इलाके में रहकर एसएससी की तैयारी कर रहा है। स्टूडेंट ने अपने भाई को वॉट्सएप पर सुसाइड नोट भेजा तो भाई ने घबराकर कोटा में अभय कमांड पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस उप अधीक्षक नियति शर्मा तथा स्टूडेंट सेल उप निरीक्षक संजू शर्मा, कल्पना मेवाड़ा हेड कांस्टेबल, नीरज कुमारी हेड कांस्टेबल व सीमा शर्मा कांस्टेबल ने तुरंत स्टूडेंट को तलाश करने की कार्रवाई की।
अभय कमांड सेंटर्स ने स्टूडेंट सेल की टीम को सूचना देकर तुरंत महावीर नगर थाने भिजवाया और महावीर नगर थाना व स्टूडेंट सेल ने स्टूडेंट के मकान को तलाश कर उसके पास पहुंची। महावीर नगर थाना अधिकारी रमेश कविया के मुताबिक स्टूडेंट तनाव में था। उसे समझाइश की गई। पुलिस के सामने प्राथमिक रूप से सामने आया कि स्टूडेंट पढ़ना चाह रहा था, मगर परिवार वाले उसकी शादी करना चाह रहे थे। इस पर उसकी काउंसलिंग के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
