कोहली के ‘शतकीय धमाके’ से पाकिस्तान हुआ तबाह, भारत ने चेम्पियन्स ट्रॉफी में किया हिसाब बराबर
भारत ने चेम्पियंस ट्रॉफी 2025 में पाकिस्तान के परखच्चे उड़ा दिए। दुबई में 6 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज की। विराट कोहली ने नाबाद शतकीय पारी खेली।
एनसीआई@स्पोर्ट्स डेस्क
भारत का आईसीसी चेम्पियंस ट्रॉफी 2025 में विजयी अभियान जारी है। रविवार को चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के खिलाफ 6 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज की। पाकिस्तान ने दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 242 रनों का टारगेट दिया, जिसे भारत ने 42.3 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर चेज किया। विराट कोहली के ‘शतकीय धमाके’ में पाकिस्तान तबाह हुआ। उन्होंने 111 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए, जिसमें सात चौके शामिल हैं। भारत ने पाकिस्तान से हिसाब बराबर कर लिया है।

भारत ने चेम्पियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान के खिलाफ तीसरी जीत हासिल की है। पाकिस्तान ने भी इस टूर्नामेंट में भारत से तीन मैच जीते हैं। भारत ने साथ ही 2017 चेम्पियंस ट्रॉफी फाइनल में मिली हार का बदला ले लिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने सधी हुई शुरुआत की। कप्तान रोहित शर्मा 15 गेंदों में 20 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्हें शाहीन अफरीदी ने पांचवें ओवर में बोल्ड किया। इसके बाद, कोहली ने शुभमन गिल (52 गेंदों में 46, सात चौके) के साथ दूसरे विकेट के लिए 69 रनों की साझेदारी की। गिल को स्पिनर अबरार अहमद ने 18वें ओवर में बोल्ड किया। कोहली ने श्रेयस अय्यर (67 गेंदों में 56, पांच चौके और एक सिक्स) के साथ तीसरे विकेट के लिए 114 रनों की अहम पार्टनरशिप की। लग रहा था कि दोनों भारत को जिताकर लौटेंगे, लेकिन अय्यर 39 वें ओवर में खुशदिल शाह के जाल में फंस गए। शाहीन ने 40 वें ओवर में हार्दिक पांड्या (8) को पवेलियन भेजा। कोहली ने चौका लगाकर 51 वां वनडे शतक कम्प्लीट किया। यह उनके इंटरनेशनल करियर का 82 वां शतक है।
विराट का शतक क्यों है खास?
चेम्पियंस ट्रॉफी में पहली बार विराट कोहली ने शतक लगाया है। वनडे में 51वां शतक लगाया है। इंटरनेशनल क्रिकेट में 82वां शतक जड़ा। इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रनों के मामले में रिकी पॉन्टिंग को पीछे छोड़ा। सबसे तेज 14 हजार वनडे रन बनाने वाले खिलाड़ी बने।

इससे पहले, पाकिस्तान टीम टॉस जीतने के बाद 49.4 ओवर में 241 पर ढेर हो गई। पाकिस्तान के लिए सऊद शकील ने सर्वाधिक रन बनाए। उन्होंने 76 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 62 रन की पारी खेली। कप्तान मोहम्मद रिजवान ने 77 गेंदों में 46 रन बनाए, जिसमें चौके सामिल हैं। उन्होंने शकील के साथ तीसरे विकेट के लिए 104 रनों की साझेदारी की। बाबर आजम ने 26 गेंदों में 23 रन बटोरे। उन्होंने पांच चौके मारे।
इमाम-उल-हक 10 ने और सलमान आगा ने 19 रनों का योगदान दिया। खुशदिल शाह ने सातवें नम्बर पर उतरने के बाद 39 गेंदों में 38 रन की पारी खेली। उन्होंने दो छक्के लगाए। तैयब ताहिर (4) और हारिस राउफ (8) दहाई अंक में नहीं पहुंचे, जबकि शाहीन अफरीदी का खाता नहीं खुला।
भारत के लिए कुलदीप यादव ने 3 और हार्दिक पांड्या ने 2 विकेट चटकाए। हर्षित राणा, रविंद्र जडेजा और अक्षर पटेल ने एक-एक शिकार किया। पाकिस्तान के दो खिलाड़ी रन आउट हुए।
