कोटा में खाद्य सुरक्षा दल की बड़ी कार्रवाई, 400 किलो मिलावटी पनीर नष्ट किया, विक्रेता ने खुद मिलावट की बात स्वीकार की (वीडियो)
एनसीआई@कोटा
कोटा प्रशासन के द्वारा चलाए जा रहे कामयाब कोटा व राज्य में चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण एच गुइटे के मार्गदर्शन, जिला कलेक्टर कोटा डॉ. रविन्द्र गोस्वामी कोटा के निर्देशन तथा अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेन्द्र नगर के नेतृत्व में खाद सुरक्षा दल ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की।
दरअसल, उच्च अधिकारियों से प्राप्त सूचना पर खाद्य सुरक्षा दल ने शहर के गुमानपुरा स्थित एक मावा भंडार पर जांच कर 400 किलो पनीर जब्त किया। मौके पर विक्रेता ने स्वीकार किया कि इस पनीर में तेल व पाउडर की मिलावट हो सकती है। इस पर इस पनीर का सेम्पल ले कर पूरे पनीर को नष्ट करवाया गया।
इसी के साथ दल ने विश्वकर्मा नगर से विभिन्न ब्रांड के 4 घी, 2 तेल व 2 पनीर के अर्थात कुल 8 नमूने लिए गए। इन नमूनों को जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला कोटा में जांच के लिए भेजा जा रहा है। यहां से प्राप्त होने वाली रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्यवाही की जाएगी।
जारी रहेगा अभियान
सीएमएचओ डॉ. नरेंद्र नागर ने बताया कि होली पर्व व शादी-विवाह के सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका के कारण नमूनीकरण का अभियान जारी रहेगा। यदि किसी को मिलावट की सूचना देनी हो तो वह सीएमएचओ कार्यालय कोटा के कंट्रोल रूम नम्बर पर सूचना दे सकता है।
कार्रवाई करने वाली टीम में ये रहे शामिल
इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप अग्रवाल, अरुण सक्सेना, चंद्रवीर सिंह जादोन व मौजी लाल कुम्भकार के अलावा सहायक चेतराम भी शामिल रहे।
