April 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

परिवार शादी समारोह में गया, पीछे से महिला ने फंदा लगाकर कर ली आत्महत्या

परिवार शादी समारोह में गया, पीछे से महिला ने फंदा लगाकर कर ली आत्महत्या

एनसीआई@कोटा

शहर के नयापुरा थाना क्षेत्र की निवासी एक महिला ने मंगलवार शाम फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दौरान परिजन शहर के ही सकतपुर क्षेत्र में एक शादी समारोह में गए हुए थे। ये वापस लौटे तो महिला कमरे में फंदे से लटकी मिली। अभी तक आत्महत्या का कारण पता नहीं चला है।

भगवती बाई (40) नयापुरा में श्मशान रोड इलाके में रहती थी। उसकी 2006 में शादी हुई थी। बताया गया है कि वह काफी समय से पुश्तैनी मकान को लेकर ससुराल में चल रहे विवाद से परेशान थी। भगवती के पीहर पक्ष‌ का आरोप है कि सुसराल वाले उसे टॉर्चर करते थे। मंगलवार को सकतपुरा, काली बस्ती इलाके में शादी का कार्यक्रम (भात) था। इसलिए सारा परिवार ऑटो में बैठकर शादी में गया, मगर भगवती नहीं गई।

शाम को परिजन वापस घर लौटे तो भगवती ने कमरे का दरवाजा नहीं खोला। इस पर परिजनों ने किसी प्रकार दरवाजा खोला तो भगवती फांसी पर लटकी मिली। उसे नीचे उतारकर एमबीएस अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टर ने जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया।

थानाधिकारी ने यह बताया

नयापुरा थाना के एसआई नंद सिंह ने बताया कि परिवार के सदस्य मंगलवार सुबह भात भरने जा रहे थे तो परिजनों ने भगवती को पीछे वाले ऑटो में बैठने को कहा था। मगर वह नाराज होकर अपने कमरे में चली गई। इस पर उसके पति ने साथ चलने के लिए समझाने की कोशिश की, मगर वह तैयार नहीं हुई। बाद में उसके 13 वर्षीय बेटे ने भी शादी में चलने को कहा, मगर भगवती ने उससे भी मना कर दिया। इसके बाद दोपहर 12 बजे करीब बेटा भी शादी में चला गया। शाम को करीब 6 बजे परिजन घर लौटे तो भगवती ने दरवाजा नहीं खोला। इस पर परिजन पड़ोसी के मकान से अंदर गए, तब घटना का पता लगा। भगवती ने साड़ी को पंखे के हुक में बांध कर फंदा लगा रखा था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस आगे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.