खुद पर डीजल उड़ेल कर आग लगाने वाली छात्रा की 17 वें दिन अस्पताल में मौत
सहपाठी रास्ते में रोककर शादी का बनाता था दबाव, बात नहीं मानने पर मार देने की दी थी धमकी
एनसीआई@कोटा
सहपाठी की धमकियों से तंग आकर खुद पर डीजल छिड़क कर आग लगाने वाली इटावा थाना क्षेत्र की नाबालिग छात्रा की 17 वें दिन मंगलवार देर रात मौत हो गई। उसका एमबीएस अस्पताल के बर्न वार्ड में इलाज चल रहा था। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। छात्रा को धमकाने वाला भी नाबालिग है।
इटावा थाने के सीआई संदीप विश्नोई ने बताया कि लड़की के परिजनों ने इस सम्बंध में 8 फरवरी को शिकायत दी थी। नाबालिग का कोटा के एमबीएस अस्पताल के बर्न वार्ड में इलाज चल रहा था। मंगलवार देर रात उसकी मौत हो गई। शव का पोस्टमॉर्टम करवा दिया गया है। आरोपी लड़का भी नाबालिग है। दोनों एक ही क्लास में पढ़ते थे। इस आरोपी लड़के ने भी आत्महत्या की कोशिश की थी।फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
घर आकर जान से मारने की दी थी धमकी
छात्रा की मां ने बताया उसकी 16 वर्षीय बेटी 11वीं कक्षा में पढ़ती थी। उसकी क्लास में पढ़ने वाला लड़का बेटी को परेशान कर रहा था। 7 फरवरी को वह खुद तो खेत पर गई हुई थी, तब घर पर बेटी ही अकेली थी। पीछे से लड़का घर आया और बेटी को धमकी दी कि मुझसे शादी कर ले वरना, मैं तुझे जान से मार दूंगा।
डीजल डाल कर आग लगा ली थी
नाबालिग की मां ने बताया कि घर लौटने पर बेटी ने उसे सारी बात बताई थी। उसने बताया था कि उसकी क्लास में पढ़ने वाला यह लड़का आते-जाते समय रास्ता रोककर परेशान करता है। मां ने बताया कि इस घटना के अगले दिन 8 फरवरी को वह नहाने गई तो पीछे से बेटी ने खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली। उसकी चीख सुनकर जैसे-तैसे आग को बुझाया और इटावा हॉस्पिटल लेकर गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे कोटा रेफर कर दिया। बेटी की पीठ व कमर का काफी हिस्सा जल गया था।
