कोटा में 18 से 20 अप्रेल तक एमएसएमई एक्सपो, देशभर से 200 से अधिक इकाइयां लेंगी भाग, स्टार्टअप्स व महिला उद्यमियों को मिलेगा प्रोत्साहन, लोकसभा अध्यक्ष करेंगे शुभारम्भ
एनसीआई@कोटा
कोटा में उद्योगों व उद्यमिता को प्रोत्साहन और निवेश के नए अवसरों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 18 से 20 अप्रेल 2025 तक दशहरा मैदान में एमएसएमई एक्सपो का भव्य आयोजन किया जाएगा।
इस तीन दिवसीय एक्सपो में उद्योग, नवाचार, निवेश और उद्यमिता के कई आयाम देखने को मिलेंगे। इस आयोजन में राजस्थान और विशेष रूप से कोटा के सैकड़ों MSME उद्यमी अपने उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन करेंगे। इनमें इंजीनियरिंग इकाइयों के साथ-साथ महिला उद्यमियों की भी विशेष भागीदारी रहेगी।
योजनाओं की जानकारी के साथ सहायता भी मिलेगी
राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम, खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग, हस्तशिल्प बोर्ड और एपीडा जैसे प्रतिष्ठित सरकारी संस्थान न केवल उद्यमियों को योजनाओं की जानकारी देंगे, बल्कि तकनीकी सहयोग, प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता भी प्रदान करेंगे। खास बात यह है कि इस एक्सपो के माध्यम से महिला उद्यमियों, युवा स्टार्टअप्स और तकनीकी नवाचारों को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे उन्हें एक सशक्त मंच मिल सके।
कोटा की औद्योगिक पहचान को मिलेगी मजबूती
एक्सपो का शुभारम्भ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे। एसएसआई एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष माहेश्वरी ने बताया कि यह एक्सपो कोटा की औद्योगिक पहचान को राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। कोटा में एमएसएमई सेक्टर में निरंतर नवाचार हो रहे हैं। इस एक्सपो के माध्यम से कोटा के एमएसएमई उद्योगों को राष्ट्रीय स्तर पर मंच मिलेगा। साथ ही, यह आयोजन स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार, व्यवसाय और नवाचार आधारित विकास के नए रास्ते खोलेगा।
500 से अधिक स्टॉल, देशभर से सहभागिता
इस आयोजन में राजस्थान सहित देशभर के विभिन्न राज्यों से 200 से अधिक एमएसएमई इकाइयां भाग लेंगी। प्रदर्शनी में कृषि उपकरण, खाद्य प्रसंस्करण, टेक्सटाइल, ऑटो पार्ट्स, इंजीनियरिंग गुड्स, हर्बल उत्पाद, बायो फर्टिलाइजर, इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी सेवाएं जैसी श्रेणियों के उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा।
महिला उद्यमिता और स्टार्टअप्स को मिलेगा विशेष मंच
एक्सपो में महिला उद्यमियों के लिए अलग कॉन्क्लेव, प्रशिक्षण सत्र और स्टॉल्स की व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हें अपने उत्पाद और सेवाएं सीधे बाजार से जोड़ने का अवसर मिले। एक्सपो का एक प्रमुख आकर्षण स्टार्टअप मंडप होगा। इसमें युवा उद्यमी अपने नवीन विचारों और तकनीकों को प्रस्तुत कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त, सरकारी एजेंसियों, बड़े उद्योगों और स्टार्टअप्स के बीच B2B बैठकें भी आयोजित की जाएंगी, जो व्यापारिक साझेदारी और विकास के नए द्वार खोलेंगी।
