July 13, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान: आंधी-बारिश से 2 महिलाओं की मौत, जयपुर-सीकर में बारिश, शाम को प्रदेश में बदला मौसम

राजस्थान: आंधी-बारिश से 2 महिलाओं की मौत, जयपुर-सीकर में बारिश, शाम को प्रदेश में बदला मौसम

एनसीआई@जयपुर

राजस्थान में खराब हुए मौसम के कहर ने 2 लोगों की जान ले ली। अलवर में शनिवार को बिजली गिरने से खेत में काम कर रही रोशन देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग झुलस गए। घायलों को टहला चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। वहीं, सिरोही के शिवगंज में शुक्रवार देर रात तेज आंधी के कारण गिरे एक पेड़ के नीचे दब जाने से एक महिला की जान चली गई।

राज्य में शनिवार शाम को मौसम बदला और कई इलाकों में बारिश हुई। जयपुर और सीकर में घने काले बादलों व बिजली की गड़गड़ाहट के साथ हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। सवाई माधोपुर में भी तेज अंधड़ के साथ करीब बीस मिनट तक बारिश हुई। तेज हवा चलने से कई इलाकों में पेड़ गिर गए।

इसी क्रम में जोधपुर और फलोदी में तेज आंधी के साथ बादल छाए। नागौर में शुक्रवार को चली आंधी से फसल खराब हो गई। पिछले 24 घंटों में फलौदी में सबसे ज्यादा तापमान 40.8 डिग्री रहा। बाड़मेर में 40.7, चित्तौड़गढ़ में 40.3, कोटा में 39.8, बीकानेर में 38.8 और जोधपुर में 38.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। अलवर-वनस्थली में 38.4, बारां में 38.3, गंगानगर में 38, अजमेर में 37.8 और उदयपुर में 37 डिग्री का पारा रहा।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि यह राहत अस्थायी है। पश्चिमी हवाओं का असर बढ़ने से अब लू का कहर शुरू होगा। बीकानेर और जोधपुर संभाग में अगले दो-तीन दिन में पारा 46 डिग्री तक पहुंच सकता है। इसे देखते हुए पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान के 9 जिलों के लिए हीट वेव का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है।

जोधपुर-फलोदी में शाम को बदला मौसम

जोधपुर-फलोदी के आसपास देर शाम मौसम में बदलाव हुआ। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण आसमान में हल्के बादल छाए और कुछ जगह तेज हवा चली। इधर चित्तौड़गढ़, कोटा के आसपास भी कुछ इसी तरह का मौसम रहा। यहां भी देर शाम को आसमान में बादल छाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.